केरल के वायनाड जिले में मेप्पाडी के पास पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन हुआ है। इस प्राकृतिक आपदा के कारण 93 लोगों की मौत हो गई है, जबकि सैकड़ों लोगों के फंसने की आशंका है पीएम मोदी ने केरल के सीएम से बात की।
केरल के वायनाड जिले में भारी बारिश के बाद हुए भयानक भूस्खलन ने तबाही मचा दी है। मेप्पाडी के पास अलग-अलग पहाड़ी इलाकों में मंगलवार तड़के भूस्खलन हुए हैं। मुंदकई और चूरलमाला शहर में सैकड़ों घर, गाड़ी और दुकानें पानी में डूब गए। इस हादसे में 93 लोगों की मौत हो गई, जबकि सैकड़ों फंसे हुए हैं। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) ने बताया कि प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए कई दलों को भेजा गया है। हालांकि, भारी बारिश से राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं। आइए जानते हैं इस आपदा को लेकर किसने क्या कहा।
विज्ञापन
दो लाख रुपये देने का एलान
2 of 15
वायनाड में भूस्खलन
- फोटो : पीटीआई
इस पूरे हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कईयों ने दुख जताया है। यहां तक कि पीएम मोदी ने भूस्खलन में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का एलान किया है। साथ ही घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
विज्ञापन
केंद्र की ओर से हर संभव मदद की जाएगी: पीएम मोदी
3 of 15
वायनाड में भूस्खलन
- फोटो : पीटीआई
केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि मरने वालों की संख्या बढ़ गई है। इस बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, 'वायनाड के कुछ हिस्सों में भूस्खलन से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है और जो घायल हुए हैं उनके लिए प्रार्थना करता हूं। सभी प्रभावित लोगों की सहायता के लिए बचाव अभियान फिलहाल चल रहा है। केरल के सीएम पिनरई विजयन से बात की और वहां की मौजूदा स्थिति के मद्देनजर केंद्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।'
पीएम मोदी खुद रख रहे बचाव कार्यों पर नजर
4 of 15
वायनाड में भूस्खलन
- फोटो : पीटीआई
पीएम मोदी ने केरल के सीएम पिनारई विजयन से बात की और केंद्र से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने मौजूदा स्थिति के बारे में केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी से भी बात की। प्रधानमंत्री ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी बात की और उनसे यह सुनिश्चित करने को कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राहत प्रयासों में सहायता के लिए जो कुछ भी कर सकते हैं, वह करें। इसके अलावा, पीएम ने वायनाड में भूस्खलन के बारे में मंत्री जॉर्ज कुरियन से भी बात की।
विज्ञापन
जेपी नड्डा ने भी तबाही पर जताया दुख
5 of 15
वायनाड में भूस्खलन का दृश्य
- फोटो : पीटीआई
केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने वायनाड भूस्खलन पर दुख व्यक्त करते हुए केरल भाजपा प्रमुख के. सुरेंद्रन को जल्द से जल्द घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में मदद करें।
विज्ञापन
कीमती जानों के नुकसान से बहुत दुखी: राजनाथ सिंह
6 of 15
वायनाड में भूस्खलन
- फोटो : पीटीआई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, 'केरल के वायनाड में भूस्खलन के कारण कीमती जानों के नुकसान से बहुत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। सभी की सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रार्थना करता हूं।'
विज्ञापन
बचाव कार्य में प्रशासन की सहायता करें यूडीएफ कार्यकर्ता: राहुल गांधी
7 of 15
वायनाड में भूस्खलन
- फोटो : पीटीआई
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और वायनाड से पूर्व सांसद राहुल गांधी ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा, 'मैं वायनाड में मेप्पाडी के पास हुए भारी भूस्खलन से बहुत व्यथित हूं। मैंने केरल के मुख्यमंत्री और वायनाड जिला कलेक्टर से बात की है, जिन्होंने मुझे आश्वासन दिया कि बचाव अभियान जारी है। मैंने उनसे सभी एजेंसियों के साथ समन्वय सुनिश्चित करने, एक नियंत्रण कक्ष स्थापित करने और राहत प्रयासों के लिए आवश्यक किसी भी सहायता के बारे में हमें सूचित करने का अनुरोध किया है। मैं केंद्रीय मंत्रियों से बात करूंगा और उनसे वायनाड को हर संभव सहायता प्रदान करने का अनुरोध करूंगा। मैं सभी यूडीएफ कार्यकर्ताओं से बचाव और राहत कार्यों में प्रशासन की सहायता करने का आग्रह करता हूं।'
एनडीआरएफ युद्ध स्तर पर खोज और बचाव अभियान चला रहा: शाह
8 of 15
वायनाड में भूस्खलन
- फोटो : पीटीआई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'केरल के वायनाड में भूस्खलन की घटनाओं से बहुत चिंतित हूं। एनडीआरएफ युद्ध स्तर पर खोज और बचाव अभियान चला रहा है...मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'
प्राकृतिक हादसे के कारण वायनाड में बड़ी क्षति पहुंची
9 of 15
वायनाड में भूस्खलन
- फोटो : पीटीआई
वायनाड में हुए भूस्खलन पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, 'आज सुबह एक प्राकृतिक हादसे के कारण वायनाड में बड़ी क्षति पहुंची है। अभी तक सूचना के हिसाब से बहुत बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी जान गंवाई है और कई लोग घायल हुए हैं। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं...घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने केरल के मुख्यमंत्री से बातचीत की है और केंद्र सरकार पूरी तरीके से केरल के लोगों के साथ है, जो भी आवश्यकता होगी केंद्र सरकार पूरी तरीके से उनकी मदद करेगी।'
केरल में दो दिनों के लिए शोक की घोषणा
10 of 15
वायनाड में भूस्खलन
- फोटो : PTI
केरल के वायनाड में भूस्खलन के बाद हुई जनहानि के बाद राज्य की पिनाराई विजयन सरकार ने राज्य में दो दिनों के लिए शोक की घोषणा की है।
कल वायनाड जाएंगे राहुल और प्रियंका गांधी
11 of 15
प्रियंका गांधी, राहुल गांधी।
- फोटो : ANI
लोकसभा में नेता विपक्ष और वायनाड से सांसद रहे चुके राहुल गांधी और प्रियंका गांधी कल वायनाड का दौरा करेंगी।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी जताया शोक
12 of 15
विदेश मंत्री एस जयशंकर
- फोटो : एएनआई
वहीं विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है, उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा- केरल के वायनाड में भूस्खलन के कारण हुई मौतों से मैं बहुत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। फंसे हुए लोगों की सुरक्षा और घायलों की कुशलता के लिए प्रार्थना करता हूं।
वायनाड में भूस्खलन एक दिल दहला देने वाली आपदा- केरल सीएम
13 of 15
वायनाड में भूस्खलन एक दिल दहला देने वाली आपदा- केरल सीएम
- फोटो : ANI
केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने कहा "वायनाड में भूस्खलन एक दिल दहला देने वाली आपदा है। यहां बहुत भारी बारिश हुई। पूरा इलाका तबाह हो गया। हमने अब तक 93 शव बरामद किए हैं, लेकिन संख्या बदल सकती है। 128 लोग घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। सीएम विजयन ने आग कहा कि हमने घायलों के लिए सर्वोत्तम संभव उपचार की व्यवस्था की है। कई लोग अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं। हमने वायनाड में 45 राहत शिविर और पूरे राज्य में कुल 118 शिविर खोले हैं, जिनमें 5,531 लोग रह रहे हैं। अग्निशमन बल, एनडीआरएफ और पुलिस मिलकर काम कर रहे हैं। सेना और नौसेना के कई डिवीजन बचाव कार्यों जुटे हैं। सीएम ने कहा, वायनाड में अग्निशमन बल के 321 सदस्यों को तैनात किया गया है। सेना की सेवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। 60 सदस्यों वाली एनडीआरएफ की टीम वायनाड पहुंच चुकी है और बेंगलुरु से 89 सदस्यों वाली टीम रास्ते में है। आपदा की जानकारी मिलने पर प्रधानमंत्री और राहुल गांधी के साथ-साथ कई पार्टी नेताओं ने सहायता की पेशकश की है। उन्होंने हमें आश्वासन दिया है कि हम इस संकट से निपटने के लिए मिलकर काम करेंगे।
केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने आगे बताया कि, अतिरिक्त कानिव 108 एम्बुलेंस मंगाई गई हैं। अकेले वायनाड में 3,069 लोग राहत शिविरों में हैं। पांच मंत्री इस राहत-बचाव कार्य में शामिल हैं। प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण लोगों को स्थानांतरित किया गया और ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया। बचाव कार्यों के लिए डॉग स्क्वायड पहुंचेगा। अधिकारियों के निर्देशों का ठीक से पालन किया जाना चाहिए। स्थानीय प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है कि शिविरों में रहने वालों को पीने का पानी, भोजन और अन्य आवश्यक चीजें उपलब्ध कराई जाएं। उत्तरी रेंज के आईजी, डीआईजी और कानून व्यवस्था के अतिरिक्त डीजी ऑपरेशन का समन्वय करेंगे। कई सरकारी विभागों के तहत नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। मैंने निर्देश दिया है कि आवश्यक सेवाओं में लगे अधिकारी भारी बारिश की स्थिति के कारण तैयार और स्टैंडबाय पर रहें।
सभी से आग्रह मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष दें योगदान- विजयन
14 of 15
केरल के सीएम पिनाराई विजयन
- फोटो : ANI
सीएम पिनाराई विजयन ने कहा, वायनाड में हुए भूस्खलन के बाद खाद्य और आवश्यक आपूर्ति पहुंचाने के लिए कदम उठाए गए हैं। 20 हजार लीटर पीने का पानी लेकर दो वाहन आपदा क्षेत्र में पहुंचेंगे। छुट्टी पर गए स्वास्थ्य कर्मियों को तुरंत ड्यूटी पर लौटने का निर्देश दिया गया है। प्रियजनों या संपत्तियों के नुकसान की भरपाई कोई नहीं कर सकता, लेकिन हमें अपना समर्थन देना चाहिए और प्रभावित लोगों को उठाना चाहिए। वायनाड में भूस्खलन के मद्देनजर, हमें पीड़ितों की सहायता के लिए एक साथ आना चाहिए। क्षेत्र के पुनर्निर्माण के लिए और अधिक सहायता की आवश्यकता है। मैं सभी से मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष (CMDRF) में योगदान देने और सहायता प्रदान करने का आग्रह करता हूं। जो लोग कर सकते हैं, उन्हें दान करना चाहिए। अनावश्यक वाहनों के आने से काफी रुकावटें पैदा हो रही हैं और उन्हें सख्ती से टाला जाना चाहिए। सभी को सहयोग करने के लिए तैयार रहना चाहिए। सीएम पिनाराई विजयन ने आगे कहा, कि केरल बैंक ने पहले ही CMDRF में 50 लाख रुपये का योगदान दिया है। सिक्किम के मुख्यमंत्री ने 2 करोड़ रुपये और तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने 5 करोड़ रुपये की सहायता देने का वादा किया है। वायनाड में आई आपदा के जवाब में, राज्य ने दो दिनों का आधिकारिक शोक घोषित किया है। सार्वजनिक कार्यक्रम और समारोह स्थगित कर दिए गए हैं। हम अनुरोध करते हैं कि शोक अवधि के दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया जाए।
अब तक 250 बचाए गए, 300 जवान तैनात- नित्यानंद राय
- फोटो : ANI
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि वायनाड में 250 लोग अब तक बचा कर सुरक्षित जगहों तक पहुंचाए गए हैं। बचाव और राहत के काम में विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों के 300 जवान तैनात किए गए हैं। राय ने राज्यसभा में सदस्यों को राहत और बचाव कार्य की जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी खुद स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और उन्होंने केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन को घटनास्थल पर जाने और परिस्थिति के आकलन का निर्देश दिया है।