अगर आपके पास वोटर आईडी कार्ड नहीं है तो भी आप वोट डाल सकते हैं। हालांकि, इसके लिए आपका नाम वोटर लिस्ट में होना जरूरी है। बगैर वोटर आईडी कार्ड के कैसे आप वोट कर सकेंगे? आइए समझते हैं...
गुजरात के 14 जिलों की 93 सीटों पर आज दूसरे चरण का मतदान है। जिन जिलों में मतदान होना है, उनमें बनासकांठा, पाटन, मेहसाणा, साबरकांठा, अरावली, गांधीनगर, अहमदाबाद, आणंद, खेड़ा, महिसागर, पंच महल, दाहोद, वडोदरा और छोटा उदयपुर शामिल हैं। मतदान की प्रकिया सुबह आठ बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगी।
अगर आप इनमें से किसी भी जिले में रहते हैं तो आप भी वोट दे सकते हैं। अगर आपके पास वोटर आईडी कार्ड नहीं है तो भी आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप बिना वोटर आईडी कार्ड के भी वोट दे सकते हैं। बशर्ते आपका नाम वोटर लिस्ट में होना चाहिए। ऐसे में पहले आप चेक कर लें कि आपका नाम वोटर लिस्ट में है या नहीं? अगर वोटर लिस्ट में आपका नाम है तो आप इन दस्तावेजों को दिखाकर वोट डाल सकते हैं।
विज्ञापन
पहले जान लीजिए किन लोगों को वोट डालने का अधिकार है?
ऐसे सभी नागरिक वोट डाल सकेंगे जिनका नाम वोटर लिस्ट में होगा। वोटर लिस्ट में नाम होने पर आप अगर वोटर आईडी कार्ड के बगैर भी वोट डाल सकेंगे। हालांकि, इसके लिए चुनाव आयोग की तरफ से निर्धारित 12 तरह के दस्तावेजों में से किसी एक का आपके पास होना अनिवार्य है।
विज्ञापन
वोटर आईडी नहीं होने पर क्या दस्तावेज दिखाने पर वोट डाल सकते हैं?
1. पासपोर्ट
2. ड्राइविंग लाइसेंस
3. अगर आप केंद्र या राज्य सरकार के कर्मचारी हैं या फिर, PSUs और पब्लिक लिमिटेड कंपनी में काम कर रहे हैं तो कंपनी की फोटो आईडी के आधार पर भी मतदान किया जा सकता है।
4. PAN कार्ड
5. आधार कार्ड
6. पोस्ट ऑफिस और बैंक द्वारा जारी पासबुक।
7. मनरेगा जॉब कार्ड।
8. श्रम मंत्रालय द्वारा जारी किया गया हेल्थ इंश्योरेंस कार्ड।
9. पेंशन कार्ड जिसपर आपकी फोटो लगी हो और अटेस्टेड हो।
10. नेशनल पॉपुलेशन रजिस्टर (NPR) द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड।
11. MPs/MLAs/MLCs की तरफ से जारी आधिकारिक पहचानपत्र।
12. सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की ओर से जारी विशिष्ट विकलांगता आईडी (UDID) कार्ड।
(इन सभी में से कोई एक पहचान पत्र दिखाने पर आप वोट दे सकेंगे।)
मतदाता सूची में कैसे अपना नाम देख सकते हैं?
मतदाता अपने नाम और पोलिंग बूथ की जानकारी वोटर हेल्पलाइन एप (Voter Helpline App) या फिर नेशनल वोटर्स सर्विस पोर्टल (NVSP) पर देख सकते हैं।