जब से यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने गोवंश की हत्या पर सख्ती बरती है, राज्य में गोवंश की हत्या रुक गई है। लेकिन इसका एक नकारात्मक परिणाम यह देखने को मिल रहा है कि अब राज्य में जगह-जगह पर आवारा पशु दिखाई पड़ रहे हैं। ये दिन में सड़क-चौराहों पर ट्रैफिक समस्या का कारण बने रहते हैं, तो रात के समय ये किसानों की फसल चर जाते हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। लंबी बहस के बाद भी अब तक इस समस्या का हल नहीं निकल पाया है।
लेकिन इसी बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वादा किया है कि यदि उनकी सरकार दोबारा सत्ता में वापस आ जाएगी, तो वह किसानों से दो रुपये किलो की दर से गाय का गोबर खरीदेगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार पहले ही छत्तीसगढ़ गोधन न्याय योजना के अंतर्गत किसानों से गाय का गोबर इसी दर पर खरीद रही है। सरकार इस गोबर का उपयोग कंपोस्ट खाद बनाकर उसको कृषि में लगाने की योजना बना रही है। इससे रासायनिक खादों की आवश्यकता कम हो सकेगी, वहीं लोगों को जैविक खेती से बेहतर उत्पाद मिल सकेंगे।