हरियााणा के सोनीपत में तेज रफ्तार और लापरवाही ने तीन घरों के चिराग बुझा दिए। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। अब उनके परिवारों में दो-दो बहन रह गई हैं। बाइक सवार बैंक्वेट हॉल से निकलकर रोड पर आए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कार्पियो चालक ने एक बाइक सवार दो युवकों को बचाने के प्रयास में पहले कार और फिर बाइक को टक्कर मार दी। रफ्तार तेज होने के कारण चालक गति पर नियंत्रण नहीं रख सका।
बहालगढ़ रोड पर शनिवार रात को हुआ हादसा लापरवाही का परिणाम है। विशेषज्ञों के अनुसार वहां सड़क ठीक थी और रात में लाइट भी पर्याप्त थी। जांच टीम का मानना है कि हादसे का मुख्य कारण लापरवाही और तेज गति है। स्कार्पियो व कार सवार काफी तेज गति में थे। इसी दौरान बैक्वेट हॉल से बाइक सवार बाहर आकर कुछ आगे गए थे।
तेज गति के चलते बाइक सवार दो युवकों को देखकर स्कार्पियो चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया तो उसने साथ में चल रही कार व आगे चल रही बाइक को टक्कर मार दी। जिससे हादसे में खुशहाल सिंह, वरुण व निशांत की मौत हो गई। तीनों की दो-दो बहन ही रह गई हैं। वरुण अभी तीन दिन पहले ही बेटे का पिता बना था, जबकि खुशहाल की दो साल की बेटी कशिश है। वहीं निशांत ठाकुर अभी अविवाहित था। हादसे से तीनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।