हरियाणा के सोनीपत जिले के राई क्षेत्र में जठेड़ी रोड स्थित सब्जी मंडी में स्कूटी सवार दो युवकों ने एक फैक्टरी की महिला कर्मी का मोबाइल झपट लिया। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में वारदात कर युवक भागने लगे तो महिला ने शोर मचा दिया, जिस पर लोगों ने एक को दबोच लिया, जबकि दूसरा स्कूटी छोड़कर भाग गया। पकड़े जाने के बाद पीड़ित महिला व लोगों ने आरोपी की 40 मिनट तक धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। इस दौरान आरोपी के कपड़े तक फट गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ झपटमारी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बाद में दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।