हरियाणा के भिवानी जिले में 12 बजे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल, कृषि मंत्री जेपी दलाल और उद्योगपति कृष्ण जिंदल मंच पर पहुंच गए हैं। 14 साल छह माह बाद दूसरी बार किसी राष्ट्रपति के आगमन को लेकर गांव सूई में उत्सुकता बनी हुई है। गांव दुल्हन की तरह सजाया गया है। वहीं, ग्रामीणों ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के स्वागत के लिए भी पलक पांवड़े बिछा दिए हैं। राष्ट्रपति के आगमन से पहले रातोंरात विकास कार्य पूरे कराने में अधिकारी भी देर रात तक काम पर जुटे हुए थे। राष्ट्रपति महोदय के आगमन से पूर्व भिवानी-महेंद्रगढ़ से सांसद धर्मवीर सिंह ने अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र के 100 युवाओं को सब इंस्पेक्टर की नौकरी बगैर पर्ची-खर्ची मिली। वहीं, मुख्यमंत्री ने सोई गांव में बॉक्सिंग एथलेटिक्स एकेडमी बनाने का एलान किया है। उन्होंने कहा कि सूई से बापोड़ा तक सड़क बनाई जाएगी। भिवानी शहर से आने वाले गंदे पानी को संशोधित करने के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाएंगे। 50 एकड़ जमीन उपलब्ध होने पर यहां क्लस्टर का उद्योग लगाया जाएगा।