फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haryana: स्कूल बस हादसा; पूर्व शिक्षा मंत्री के भांजे के बेटे सहित छह बच्चों की मौत, 34 घायल, पढ़ें सभी अपडेट

Thu, 11 Apr 2024 08:08 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, महेंद्रगढ़ (हरियाणा)
विज्ञापन
1 of 12
नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में परिजनों सांत्वना देते पूर्व शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा। - फोटो : संवाद
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले की तहसील कनीना के गांव उन्हाणी स्थित हैफेड गोदाम के पास वीरवार सुबह एक तेज रफ्तार निजी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इसमें छह बच्चों की माैत हो गई जबकि 34 बच्चे घायल हो गए। चालक नशे की हालत में बस चला रहा था। उसे माैके से ही पकड़ लिया गया। घायल बच्चों को कनीना, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी के विभिन्न अस्पताल में भर्ती कराया गया। रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन कुल 12 बच्चों में नौ आईसीयू में हैं। हादसे के समय बस में 43 बच्चे, एक शिक्षिका व ड्राइवर कुल 45 लोग सवार थे।

दोपहर को शिक्षामंत्री सीमा त्रिखा ने रेवाड़ी व महेंद्रगढ़ अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों का हाल जाना। दूसरी ओर, ईद की छुट्टी के दिन स्कूल खोला गया। उपायुक्त ने स्कूल की मान्यता रद करने की सिफारिश की। जांच में अल्कोहल की पुष्टि होने पर बस चालक सेहलंग निवासी धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके बाद टीमों ने छापेमारी करते हुए स्कूल प्रिंसिपल दीप्ति निवासी कनीना और स्कूल के सचिव होशियार सिंह को भी गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन

2 of 12
स्कूल बस पलटी - फोटो : संवाद
गुरुवार को जीएल पब्लिक स्कूल कनीना की बस ग्रामीण क्षेत्रों से बच्चों को बैठाकर कनीना-दादरी सड़क मार्ग पर स्थित गांव उन्हाणी के हैफेड गोदाम के पास पहुंची तो मोड़ पर नशे की हालत में चालक ने संतुलन खो दिया और बस का पिछला हिस्सा पेड़ से टकराया और बस पलट गई। हादसे के बाद बस में बच्चों की चीख पुकार मच गई।

आसपास के लोगों ने बच्चों को बस से बाहर निकाला और क्रेन की मदद से बस को सीधा किया। टक्कर इतनी तेज गति से हुई कि कुछ बच्चे तो बस की खिड़कियों से बाहर निकलकर सड़क पर जा गिरे। सभी बच्चों को कनीना के उप नागरिक अस्पताल व एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया जहां निजी अस्पताल में चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया जबकि दो गंभीर रूप से घायल बच्चों ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
विज्ञापन

3 of 12
स्कूल बस पलटी - फोटो : संवाद
आठ बच्चों को स्थानीय अस्पतालों में उपचार देकर घर भेज दिया। दूसरी ओर, नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में हुई जांच में चालक के नशे की हालत में होने की पुष्टि हुई। दक्षिण रेंज आईजी राजेंद्र कुमार भी कनीना पहुंचे और घटनास्थल का दौरा किया। आईजी ने कहा कि मामले की बारीकी से जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

4 of 12
कनीना के गांव में मौके पर परिजनों से जानकारी लेते शिक्षामंत्री सीमा त्रिखा - फोटो : संवाद
शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने सभी स्कूलों में जांच के दिए आदेश
झाड़ली गांव में श्मशान घाट पहुंचीं शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने कहा कि हरियाणा के सभी स्कूलों को नोटिस जारी कर दिया गया है। अगर किसी भी स्कूल में कोई नशा करते हुए मिलता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जितने भी स्कूल हैं, चाहे उन्होंने कॉन्ट्रैक्ट पर गाड़ियां लगा रखी हों या खरीदकर, सभी के दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
विज्ञापन

5 of 12
परिजनों से जानकारी लेते पुलिस अधीक्षक - फोटो : संवाद
एसपी ने जांच के लिए टीम गठित की
पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा के कार्रवाई के लिए सीआईए महेंद्रगढ़, साइबर सेल और थाना शहर कनीना की टीमों का गठन किया गया। एसपी ने हादसे में मृतक बच्चों के परिजनों से मुलाकात की और आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

6 of 12
हादसे में क्षतिग्रस्त स्कूल बस। - फोटो : संवाद
हादसे में इन बच्चों की हुई मौत
हादसे में कनीना क्षेत्र के गांव झाड़ली के चार बच्चों की मौत हो गई, जिनमें दो सगे भाई थे, साथ ही गांव धनौंदा के भी दो बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में 15 वर्षीय अंशु व 14 वर्षीय यक्षु पुत्र संदीप निवासी झाड़ली, 16 वर्षीय सत्यम पुत्र राकेश व 15 वर्षीय युवराज पुत्र संजय निवासी झाड़ली, 14 वर्षीय वंश पुत्र दुष्यंत, 13 वर्षीय रिक्की पुत्री रविंद्र निवासी धनाैंदा शामिल हैं।
विज्ञापन

7 of 12
महेंद्रगढ़ में हादसा। - फोटो : संवाद
यह हुए हैं घायल
हादसे में 10 वर्षीय यश्वी, पीयूष 14, पूजा 16, दिव्या 15, छवि 17, हर्ष 15, बबीता 12, हिना 4, यशिका 11, आदित्य 13, पूजा 18, मान 15, अनुज 19, आरव, तनिष, अनूप, पीयूष, भूमिका, अवि, रवीना शामिल हैं।

8 of 12
परिजनों से बातचीत करते विधायक राव दान सिंह व पूर्व शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा - फोटो : संवाद
पूर्व शिक्षामंत्री के भांजे और गांव झाड़ली के पूर्व सरपंच के पुत्र की भी हुई मौत
हादसे में पूर्व शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा के भांजे और गांव झाड़ली के पूर्व सरपंच संजय के पुत्र 15 युवराज की भी मौत हो गई। संजय के एक बेटी व एक बेटा था। अब संजय की संतान के रूप में एक बेटी है। पूर्व शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा भी नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में पहुंचे थे। कुछ देर बार प्रदेश की शिक्षामंत्री सीमा त्रिखा भी अस्पताल में पहुंची गईं।

9 of 12
महेंद्रगढ़ में हादसा। - फोटो : संवाद
परिजनों से मिलकर भावुक हुईं शिक्षामंत्री
शिक्षामंत्री सीमा त्रिखा नागरिक अस्पताल पहुंचीं तो मृतक बच्चों के पोस्टमार्टम की तैयारी चल रही थी। पूर्व शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि मृतकों में उनके भांजे का पुत्र भी था। शिक्षामंत्री परिजनों से मिलने के बाद भावुक हो गईं। परिजनों ने बताया कि उनके बच्चों की ऐसी हालात हो गई कि चेहरे पहचान में भी नहीं आ रहे हैं तो शिक्षामंत्री ने कहा कि वह रेवाड़ी स्थित निजी अस्पताल में उपचाराधीन बच्चों से मिलकर आई हैं।

10 of 12
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू - फोटो : social media
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया दुख
महेंद्रगढ़ जिले में स्कूल बस दुर्घटना में अनेक मासूम बच्चों की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। ईश्वर शोक संतप्त माता-पिता एवं परिजनों को यह क्रूर आघात सहने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायल हुए बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। -द्रौपदी मुर्मू, राष्ट्रपति

11 of 12
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी - फोटो : amar ujala
हरियाणा के महेंद्रगढ़ में हुआ बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी शोक-संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपने बच्चों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करना हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों और उनके परिजनों की हरसंभव सहायता में जुटा हुआ है। -नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
विज्ञापन

12 of 12
सीएम नायब सिंह सैनी। - फोटो : File
महेंद्रगढ़ के कनीना में स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से आहत हूं। मेरी संवेदनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने मासूम बच्चे खोए हैं। स्थानीय प्रशासन घायलों की सहायता के लिए मुस्तैद है। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। -नायब सैनी, मुख्यमंत्री हरियाणा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें