हरियाणा के हिसार में हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर सोमवार अलसुबह होटल संचालक और उसके दो दोस्तों के अधजले शव मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों का आरोप है कि हत्या कर वारदात को हादसे का रूप देने के लिए आरोपियों ने ऐसा किया है। नेशनल हाईवे पर अधजले मिले शव से तीन परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक निशांत, अजय व अभिषेक में गहरी दोस्ती थी। रविवार देर रात करीब 2 बजे तक तीनों होटल रेडवुड में डांस कर रहे थे। इसके बाद ढाई बजे उन्होंने अपने डांस का वीडियो को व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाया। करीब साढ़े तीन बजे परिजनों को उनकी मौत की सूचना मिली। इसे बाद परिजन मौके पर पहुंचे और हत्या का शक जताते हुए पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि बाइक को पहले किसी वाहन से टक्कर मारी गई। उसके बाद बाइक समेत तीनों को जला दिया। यह हादसा नहीं हत्या है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर सेक्टर 9-11 निवासी जिन्दी नाम के व्यक्ति समेत तीन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।