गोरखपुर जिले में सहजनवां के सहबाजगंज में घर की चहारदिवारी के भीतर हुए तिहरे हत्याकांड से पहले यहां रिश्तों का कत्ल हुआ। आरोप है कि अवधेश सौतेली बेटी पर बुरी नजर रखता था। उधर, अवधेश की मां का कहना है कि नीलम को उसके दोनों सौतेले बेटे खटकते थे। वह अक्सर बेटी के हिस्से को लेकर बात करती थी। नीलम ने स्वीकार भी किया कि पति को मारने के बाद उसने संपत्ति के लालच में आकर ही दोनों मासूमों को मौत के घाट उतारा। नीलम ने तिहरे हत्याकांड के पीछे भले ही अपनी 12 साल की बेटी की इज्जत को पहली वजह बताया हो, लेकिन घरवालों का कहना है कि वह बेहद लालची किस्म की महिला है। उसकी नजर पहले दिन से ही सिर्फ संपत्ति पर थी। पति से पहली पत्नी के गहने और पांच लाख रुपये मांग रही थी। इसी विवाद में पति घर छोड़कर चला गया था। तब नीलम ने गुमशुदगी भी दर्ज कराई, लेकिन एक सप्ताह पहले अवधेश फिर लौट आया। आने के बाद उसकी हत्या कर दी।