पंचायत उपचुनाव के लिए उत्तर प्रदेश के गोरखपुर-बस्ती मंडल में शनिवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। शाम छह बजे तक मतदान जारी रहेगा। इस दौरान मतदाताओं में उत्साह दिख रहा है। धीरे-धीरे मतदाता पोलिंग बूथ पर पहुंच रहे हैं। वहीं कई बूथों पर कोरोना प्रोटोकाल की अनदेखी भी हो रही है। कुछ मतदाता बिना मास्क लगाए वोड डालने पहुंच रहे हैं। वहीं कुछ जगहों पर सोशल डिस्टेंसिंग नियम की भी धज्जियां उड़ रही है। हालांकि आज मौसम भी मतदान में खलल डाल सकता है क्योंकि बारिश होने की संभावना है। आगे की स्लाइड्स में देखें पल-पल की अपडेट...
विज्ञापन
2 of 7
यूपी पंचायत उप चुनाव 2021।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले के पिपराइच क्षेत्र के बरईपुर गांव में पंचायत उपचुनाव के लिए सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हो गया। मतदाता वोट डालने के लिए बूथों पर धीरे-धीरे पहुंचने लगे। मतदान संपन्न कराने के सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम हैं।
पिपराइच के बरईपुर में एक बजे तक 60 फीसदी वोट पड़ा।
शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है मतदान
खजनी थाना क्षेत्र के पिपरौली ब्लाक में मिस्रौलिया के प्रधान प्रत्याशी राघवेंद्र उर्फ गिलगिल दूबे की गोली लगने से मित्यु हो गई थी। जिसमें रिक्त प्रधान पद व सदस्यों के हो रहे पंचायती चुवाव ग्राम सभा मिस्रौलिया का प्राथमिक विद्यालय महुआडाबर में तीन बूथों पर 154,155,156 मतदान शांति तरीके से चल रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर खजनी पुलिस सहित पीएसी बल तैनात है।
विज्ञापन
3 of 7
यूपी पंचायत उप चुनाव 2021।
- फोटो : अमर उजाला।
बेलगड़ी में मतदाताओं में दिखा उत्साह
बस्ती जिले के रामनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बेलगड़ी में ग्राम प्रधान, दरियापुर जंगल, बड़ोखर और मैलानी साहब वाजिद में ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए हुए मतदान में लोगों का उत्साह दिखा। सबसे ज्यादा भीड़ बेलगड़ी में महिला मतदाताओं की रही। बड़ोखर, मैलानी साहब वाजिद और दरियापुर जगंल में ग्राम पंचायत सदस्य के मतदान को लेकर खास उत्साह देखने को नहीं मिला।
ब्लॉक कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, पांच बजे तक बेलगड़ी में 1261 में से 1018, बड़ोखर में 1007 में से 660, दरियापुर जंगल में 779 के सापेक्ष 463 और मैलानी साहब वाजिद में कुल 401 मतदाताओं के सापेक्ष 117 लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए एसडीएम आनंद सिंह श्रीनेत और पुलिस क्षेत्राधिकारी धनंजय कुमार कुशवाहा के साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट सुजीत श्रीवास्तव और राजेश कुमार अपनी टीम के साथ भ्रमणशील रहकर स्थिति का जायजा लेते रहे।
4 of 7
यूपी पंचायत उप चुनाव 2021।
- फोटो : अमर उजाला।
सिद्धार्थनगर पंचायत उप चुनाव में जिले के जोगिया, मिठवल, इटवा ब्लॉकों में प्रधान पद के रिक्त तीन पदों एवं बर्डपुर में एक बीडीसी सदस्य समेत 94 सदस्य पदों के लिए शनिवार को मतदान हुआ। इस दौरान मतदाताओं में उत्साह दिखा। देर शाम तक केंद्रों पर भीड़ लगी रही।
पंचायत चुनाव में निर्वाचित होने के कुछ ही दिन बाद तीन प्रधानों एवं एक बीडीसी सदस्य की आकस्मिक मौत हो गई थी। इससे ये पद रिक्त चल रहे थे। इन रिक्त पदों पर उपचुनाव हो रहे हैं। पकड़ी बाजार प्रतिनिधि के अनुसार जोगिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत बैदौली में देर शाम तक 80 फीसदी मतदान हुआ। प्राथमिक विद्यालय बैदौली में स्थित मतदान केंद्र पर सभी 1098 मतदाताओं में 778 ने मतदान किया। यहां सुबह से ही लोगों की भीड़ लगी रही। यहां दो प्रधान पद के प्रत्याशियों के बीच सीधी टक्कर है।
जोगिया ब्लॉक की ही ग्राम पंचायत बभनी में वार्ड संख्या छह से सदस्य पद के लिए दो लोग चुनाव लड़ रहे हैं। यहां 239 मतदाताओं में से 139 ने मतदान किया। इटवा प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक की खानकोट ग्राम पंचायत में प्रधान की मौत के बाद रिक्त हुए पद के लिए उपचुनाव में 54.9 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां से चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में भाग्य अजमा रहे हैं। इसी के साथ क्षेत्र के गनवरिया पश्चिम, सेमरा कमियां, दुफेडिय़ा, परसा, बौरहवा, कठेला जुनूबी, पतिला समेत आठ गांवों में सदस्य पद के लिए भी मतदान हुआ।
मिठवल ब्लॉक के बरगदवा में प्रधान पद के लिए एवं बर्डपुर ब्लॉक में क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) के एक पद के लिए मतदान हुआ। औराताल प्रतिनिधि के अनुसार डुमरियागंज क्षेत्र के ग्राम सभा बनगाई, महोखवां, सुकरौली में चार वार्ड के सदस्य पद के लिए मतदान हुआ। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रही। यहां देर पांच बजे तक 55 प्रतिशत मतदान हुआ। भनवापुर ब्लॉक में सदस्य पद के लिए चार बूथों पर 54 प्रतिशत मतदान हुआ।
एसडीएम ने किया निरीक्षण
एसडीएम जग प्रवेश व क्षेत्राधिकारी अरुण चंद्र ने शनिवार को तहसील क्षेत्र के चार मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने विकास खंड मिठवल के बरगदवा, खेसरहा के नासिरगंज तथा बांसी के बस्ठा और आमा माफी मतदान केंद्र का निरीक्षण करते हुए मतदान कर्मियों व मतदाताओं से कोरोना गाइडलाइन का पालन तथा सोशल डिस्टेंस बनाकर मतदान करने के लिए कहा।
विज्ञापन
5 of 7
यूपी पंचायत उप चुनाव 2021।
- फोटो : अमर उजाला।
संतकबीरनगर में खलीलाबाद ब्लॉक के भाटपार ग्राम पंचायत में प्रधान के रिक्त पद पर मतदान हो रहा है। मतदाताओं की लाइन सुबह सात बजे से लगी है। सभी लोग अपने मतों का इस्तेमाल कर गांव की सरकार चुनने में योगदान दे रहे हैं।
विज्ञापन
6 of 7
यूपी पंचायत उप चुनाव 2021।
- फोटो : अमर उजाला।
त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के लिए महराजगंज जिले में शनिवार को प्रधान के एक पद तथा सदस्य के 95 पदों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान जारी रहा। वहीं नौतनवां ब्लॉक के चंडीथान में वार्ड सदस्य उपचुनाव में मृतक के स्थान पर वोट डालने की बात पर शनिवार दोपहर ढाई बजे लोगों ने हंगामा कर दिया। इसके बाद पहुंची पुलिस टीम एवं अधिकारियों ने मामले को शांत कराया। संपतिहा चौकी इंचार्ज गंगा राम यादव के अनुसार वार्ड नंबर 10 से दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अनीता देवी बीमार हैं। अस्पताल से बूथ पहुंची तो पता चला कि उनके नाम वोट पड़ चुका है।
गांव के बाबूलाल यादव ने आरोप लगाया कि मालती की मौत हो चुकी है। उनके नाम पर भी फर्जी वोट पड़ गया। पीठासीन अधिकारी वीरेन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि गलत वोट की शिकायत पर अनीता और स्वर्गीय मालती के पति लालमन से चैलेंज मत डलवा दिया गया। एजेंटो ने कहा कि मास्क की वजह से पहचानने में दिक्कत आई। चार लोगों को आईडी के अभाव में वापस किया गया था। एसडीएम राम सजीवन मौर्य का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। प्रकरण की जांच कर संबंधित दोषी के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान सहित 114 पदों के लिए 54 बूथों पर डाले गए वोट
देवरिया में त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव में प्रधान पद के एक सहित 114 पदों के लिए शनिवार को 54 बूथों पर 56.98 प्रतिशत मतदान हुआ। देर शाम मत पेटिकाएं ब्लाक कार्यालय में बने स्ट्रांग रूम में जमा कर दी गईं। मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के रिक्त ग्राम प्रधान के एक, ग्राम पंचायत सदस्य के 109 व चार क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर शनिवार को शांतिपूर्ण माहौल में मतदान हुआ। जनपद के 11 विकास खंडों के 41 ग्राम पंचायतों में 54 बूथ बनाए गए थे। मतदान प्रात: सात बजे शुरू हुआ। इसके बाद धीरे-धीरे लोग मतदान केंद्रों की ओर बढ़े और मतदान किए।
भाटपाररानी ब्लाक के पिरहिया, माड़ीपुर, अहिरौली तिवारी, भठवा तिवारी व जैतपुरा में आठ बूथों पर एवं बनकटा ब्लॉक के अहिरौली बघेल, भुड़वार, बंगरा, खुरवसिया दक्षिण, इंदरवा व चफवा कला के सात बूथों पर शांति पूर्वक मतदान संपन्न हुआ। बीडीओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव, सेक्टर मजिस्ट्रेट करन सिंह, आरओ विक्रम सिंह की देखरेख मे स्टांग रुम को सील किया गया।
देसही देवरिया ब्लाक के भटनी बुजुर्ग गांव में चार ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए आठ प्रत्याशी मैदान में थे। यहां कुल 591 मतदाताओं में 147 पुरुष और 160 महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां 52 प्रतिशत मतदान हुआ। सदर ब्लाक के ग्राम पंचायत सोनूघाट में चार ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 55.77 प्रतिशत, भागलपुर ब्लाक के ग्राम पंचायत कपुरी एकौना में प्रधान पद के एक व पांच ग्राम पंचायतों में सदस्य के 12 पदों के लिए 58.40 प्रतिशत, सलेमपुर ब्लाक में एक बीडीसी व 22 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए हुए चुनाव में 54.54 प्रतिशत, बरहज में पांच ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए हुए चुनाव में 64.50 प्रतिशत मतदान हुआ। बनकटा ब्लाक में 15 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 60 प्रतिशत, लार में एक बीडीसी, तीन ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 54 प्रतिशत, गौरीबाजार में दो बीडीसी, पांच ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 45.78 प्रतिशत, भलुअनी में 11 ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 56.30 प्रतिशत व भटनी ब्लाक में दस ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 69.33 प्रतिशत मतदान हुआ।