बेटी की शादी के लिए ज्ञान निषाद ने सारी तैयारियां पूरी कर ली थी, लेकिन बदनसीबी ने पीछा नहीं छोड़ा। ज्ञान के करीबी ने सिर्फ उनकी जान ही नहीं ली, बल्कि भरोसे का भी कत्ल कर दिया। ज्ञान अब इस दुनिया में नहीं हैं। बेटी के हाथ पीले करने की उनकी हसरत भी अधूरी रह गई।
जानकारी के मुताबिक, ज्ञान की इकलौती बेटी अंकुरा की शादी 25 मई को होनी है। पिता बेटी की शादी के लिए ही हिमाचल प्रदेश से गांव आए थे। पर किसे पता था कि जिसकी मदद की वही उनकी जिंदगी उजाड़ देगा। वह जिंदगी की सबसे बड़ी खुशी, जिसके इंतजार में थे, उसे ही नहीं देख पाए। घरवाले दहाड़े मारकर रो रहे हैं। उनका भी यही कहना है कि जिस बेटी की शादी के लिए परिवार से दूर हिमाचल प्रदेश में जाकर ज्ञान निषाद ने जिंदगी बिताई, जिसके लिए इतनी तैयारियां की थी, वही नहीं देख पाए। उधर, बेटी भी पिता की मौत के बाद से बदहवास है।