फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मकर संक्रांति: लाखों श्रद्धालुओं ने चढ़ाई बाबा गोरखनाथ को आस्था की खिचड़ी, तस्वीरों में देखें शानदार नजारा

Sun, 16 Jan 2022 04:20 PM IST
vivek shukla संवाद न्यूज एजेंसी, गोरखपुर।
विज्ञापन
1 of 8
गोरखनाथ खिचड़ी मेला। - फोटो : अमर उजाला।
मकर संक्रांति पर शनिवार को गोरखनाथ मंदिर में बाबा गोरखनाथ को आस्था की खिचड़ी चढ़ाने जन सैलाब उमड़ पड़ा। भोर से खिचड़ी चढ़ाने का सिलसिला शुरू हुआ तो रात तक चलता रहा। लाखों श्रद्धालुओं ने खिचड़ी चढ़ाकर बाबा गोरखनाथ के प्रति आस्था निवेदित करते हुए जनकल्याण की कामना की।

ब्रह्म मुहूर्त में सुबह चार बजे गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ गुरु गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाने अपने आवास से नीचे उतरे। उनके साथ देवी पाटन के महंत मिथलेश दास, गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, महंत रविंद्र दास, योगी दिनेश नाथ मौजूद थे।

गोरक्षपीठाधीश्वर मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजन के बाद सबसे पहले मंदिर की तरफ से गुरु गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाई, फिर नेपाल के राज परिवार से आई खिचड़ी चढ़ाई गई। इसके बाद जैसे ही मंदिर का कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोला गया पूरा प्रांगण गुरु गोरखनाथ और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। मंदिर के बाहर भक्तों की कतारें लगी थीं। कोरोना गाइडलाइन का पालन कराते हुए खिचड़ी चढ़ाने के लिए बारी-बारी से प्रवेश कराया गया।
विज्ञापन

2 of 8
गोरखनाथ खिचड़ी मेला। - फोटो : अमर उजाला।

जहां रमाई धूनी वहां जलता है अखंड धूना

गुरु गोरखनाथ ने कांगड़ा से आकर जहां धूनी रमाई और अपना खप्पर रखा वहां पर धूनी हमेशा जलती रहती है। जिस दिन वह आए थे उस दिन मकर संक्रांति थी, इस नाते गोरखनाथ मंदिर में हर साल मकर संक्रांति का मेला लगता है । सदियों बाद आज भी उसी विश्वास से देश के काने-कोने से लोग बाबा को अस्था की खिचड़ी चढ़ाने आते हैं।

 
विज्ञापन

3 of 8
गोरखनाथ खिचड़ी मेला। - फोटो : अमर उजाला।

हर तरफ दिखा उत्साह, श्रद्धालुओं ने मेले का लिया मजा

श्रद्धालुओं के बीच उत्साह का माहौल दिखा। गुरु गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाने के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में लगे मेले की ओर रुख कर लिए। जमकर खरीदारी की और मेले का लुत्फ उठाया। खानपान की दुकानों पर जमावड़ा लगा रहा। क्राकरी, सजावट और श्रृंगार की दुकानों पर महिलाओं की तादात अच्छी रही। चाट-पकौड़े, चाऊमीन, डोसा, इडली, छोले-भटूरे आदि का लोगों ने जायका लिया।

4 of 8
गोरखनाथ खिचड़ी मेला। - फोटो : अमर उजाला।

मुख्यमंत्री ने जनकल्याण के लिए किया रुद्राभिषेक

शिव अवतारी गुरु गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मठ में स्थित शक्तिपीठ पर जनकल्याण के लिए रुद्राभिषेक किया। इस अनुष्ठान में उन्होंने गन्ने का रस, दूध, जल, दही, घी, शक्कर व गंगा जल से भगवान शिव का अभिषेक किया। रुद्राभिषेक मंदिर के प्रधान पुजारी रामानुज त्रिपाठी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। उनके साथ डॉ. अरविंद त्रिपाठी, रोहित मिश्र, पुरुषोत्तम चौबे, शुभम मिश्र, शशांक शास्त्री मौजूद रहे।

 
विज्ञापन

5 of 8
गोरखनाथ खिचड़ी मेला। - फोटो : अमर उजाला।

श्रद्धा पूर्वक मनी मकर संक्रांति

शहरवासियों ने शनिवार को मकर संक्रांति का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया। लोगों ने स्नान के बाद भगवान सूर्य को नमन किया एवं मंदिरों पूजा कर दान पुण्य किया। राजघाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। सूरजकुंड धाम पर श्रद्धालुओं ने स्नान कर पूजन किया।

 
विज्ञापन

6 of 8
गोरखनाथ खिचड़ी मेला। - फोटो : अमर उजाला।

अघोरपीठ में मनी मकर संक्रांति

अघोर पीठ ट्रांसपोर्ट नगर में मकर संक्रांति का पर्व धूमधाम से मनाया गया। दोपहर के 12 बजे पीठ प्रमुख अवधूत छबीले राम ने महाप्रभु को भोग निवेदित किया। तत्पश्चात आश्रम में आए सभी वर्ग के लोगों को साथ बैठा कर अपने हाथों से खिचड़ी एवं दही परोसा। इस अवसर पर डॉ. रूप कुमार बनर्जी सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।

 
विज्ञापन

7 of 8
गोरखनाथ खिचड़ी मेला। - फोटो : अमर उजाला।

सूर्यकुंड धाम में मनाया गया पर्व

सूर्यकुंड धाम में भक्ति भाव से मकर संक्रांति पर्व मनाया गया। भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने सूर्य मंदिर में सूर्यनारायण का पूजा की। यहां सूर्यकुंड धाम विकास समिति की ओर से सूर्य नारायण की विशेष पूजा, हवन एवं महा आरती की गई। भजन कार्यक्रम भी आयोजित हुआ।

 
विज्ञापन

8 of 8
गोरखनाथ खिचड़ी मेला। - फोटो : अमर उजाला।

श्रद्धालुओं को कराया नाश्ता

प्रयास एक परिवर्तन का, परिवार की ओर से मकर संक्रांति पर खिचड़ी वितरण तथा सहभोज का आयोजन तिलक मैरेज हाल में किया गया। खिचड़ी चढ़ाने आने वाले श्रद्धालुओं के बीच चाय, रस्क तथा खिचड़ी बांटी गई। यह क्रम दोपहर बाद तक जारी रहा।


 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें