बिहार की चक्रवाती हवाओं ने गोरखपुर जिले में जमकर बारिश कराई। वहीं, गुरुवार को भी बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। हालांकि 32 डिग्री तापमान के साथ उमस भरी गर्मी बनी रहेगी। वहीं, निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
बुधवार सुबह से आकाश में हल्के बादल छाए रहे। दोपहर तक सूरज और बादल की आंखमिचौली चलती रही। दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे से आकाश में घने काले बादल छा गए। कुछ ही देर में झमाझम बारिश होने लगी, जोकि शाम तक रुक-रुककर होती रही। इस वजह से शहर के कुछ निचले इलाकों में पानी भर गया। हालांकि घंटे-दो घंटे बाद पानी निकल गया, लेकिन साहबगंज मंडी के व्यापारियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। खरीदारों को घुटने भर पानी में चलकर जाना पड़ा।
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय का कहना है कि उत्तर पश्चिमी बिहार से सटे उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती हवाओं की वजह से एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। बृहस्पतिवार को भी इसके बने रहने की संभावना है। इस वजह से आकाश में बादल छाए रहेंगे। हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। आगे की स्लाइड्स में देखें तस्वीरें...