फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी का जनता दरबार, धूप खिलने से राहत, देखें दिनभर की हलचल

Mon, 27 Jan 2020 10:15 PM IST
विजय जैन डिजिटल न्यूज डेस्क, गोरखपुर
विज्ञापन
1 of 8
- फोटो : amar ujala
गोरखपुर और आसपास के जिलों में 27 जनवरी को कई कार्यक्रमों की पहली झलक इस कॉलम में उपलब्ध है। देखें दिनभर की हलचल।

कोहरे से सुबह की शुरुआत, धूप खिलने से राहत
गोरखपुर में धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली है। सुबह सड़कों पर बेहद कोहरा पसरा था। वाहन चालकों को बहुत दिक्कत हो रही थी। गोरखपुर के अलावा यहां के आसपास के जिलों में कोहरे का कहर जारी है। हालांकि धूप निकलने के बाद लोग अपने दिनचर्या में जुड़ने लगे हैं।

पूरी खबर पढ़ें...

मुख्यमंत्री योगी ने जनता दरबार में सुनीं लोगों की समस्याएं
सोमवार को मुख्यमंत्री का जनता दरबार गोरखनाथ मंदिर स्थित हिंदू सेवाश्रम में लगाया गया। ठंड के बावजूद सैकड़ों लोग अपनी फरियाद लेकर मंदिर पहुंचे थे। उसमें महिलाएं पुरुष सभी थे। मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए। हर समस्या का समाधान न्योचित तरीके से हो।

पूरी खबर पढ़ें...
विज्ञापन

2 of 8
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। - फोटो : amar ujala
बस्ती: टेरर फंडिंग मामले में अशरफ गैंग के 3 साथी गिरफ्तार
टेरर फंडिंग मामले में वांछित चल रहे हामिद अशरफ के तीन साथियों को आरपीएफ ने मऊ में गिरफ्तार कर लिया है। आरपीएफ, सीआईबी व बस्ती पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में तीनों पकड़े गए।

पूरी खबर पढ़ें...
विज्ञापन

3 of 8
गोरखपुर नगर निगम। - फोटो : amar ujala
नगर निगम कार्यकारिणी में संख्या बल के आधार पर देखा जाए तो इस बार भी भारतीय जनता पार्टी का ही उपसभापति चुना जाना तय था। ऐसे में सोमवार को हाथ उठाकर चुनाव कराया गया और भाजपा के अजय राय को अगला उप सभापति चुना गया।

यहां पढ़ें पूरी खबर...
 

निर्मल गंगा जागरूकता अभियान के अंतर्गत प्रतियोगिता आयोजित

4 of 8
विशेष शिविर में सोमवार को नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत पोस्टर प्रतियोगिता - फोटो : amar ujala
सेंट एंड्रयूज कॉलेज में निर्मल गंगा जागरूकता अभियान के अंतर्गत पोस्टर पेंटिंग एवं स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता में क्रमश: सीमा यादव, काजल प्रजापति और नीलाक्षी पांडेय ने स्लोगन प्रतियोगिता में जरिन फातिमा, तनिष्का सिंह और ऐमन खान, वाद विवाद प्रतियोगिता में दीपांशा विलियमस आंचन बरनवाल और शिवानी अग्रवाल ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।

बतौर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. अश्विनी कुमार मिश्रा ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस दौरान डॉ. जेके पांडेय, डॉ. सुनीता पाटर, डॉ. पूजा आनंद, डॉ. दीपक सिंह, डॉ. जेपी यादव, डॉ. शोएब अहमद  आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

5 of 8
Gorakhpur news - फोटो : amar ujala
कुलपति के बाद एबीवीपी पदाधिकारियों के भाषण पर भड़के छात्र

गोरखपुर विश्वविद्यालय में गणतंत्र दिवस के अवसर पर कुलपति के भाषण के बाद एबीवीपी के दो पदाधिकारियों को बुलाकर मंच से भाषण दिलाने का मामला गरमा गया है। सोमवार को छात्रों ने विश्वविद्यालय गेट पर धरना दिया और कुलपति को ज्ञापन सौंपते हुए अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. रविशंकर सिंह को बर्खास्त करने की मांग की।

विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन पर 26 जनवरी को झंडा फहराने के बाद कुलपति ने शिक्षकों और कर्मचारियों को संबोधित किया। इसके बाद अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. रविशंकर ने एबीवीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महामंत्री को मंच से भाषण देने के लिए आमंत्रित कर दिया। छात्रों का आरोप है कि यह विश्वविद्यालय की गरिमा को धूमिल करने का कार्य किया गया है।

कुलपति के प्रोटोकाल को खंडित किया गया है। एबीवीपी के पदाधिकारियों ने भी राष्ट्रीय पर्व का अपमान करते हुए जाति, धर्म के खिलाफ गैर संवैधानिक भाषण दिया। इसे देखकर कई शिक्षक और कर्मचारी प्रशासनिक भवन परिसर से बाहर चले गए। मंच से सावरकर की बड़ाई की गई। प्रो. रविशंकर सिंह ने चाटुकारिता की हदें पार कर दी हैं।

विरोध करने वालों में सपा छात्रसभा के पूर्व प्रदेश सचिव शिवशंकर गोंड, एनएसयूआई के योगेश प्रताप सिंह, अंशुमान पाठक, अनूप यादव, ईश्वर, भास्कर चौधरी, पवन कुमार, सतीश चंद्र सिंघम, राहुल यादव, दीपक निषाद, पुष्कर गोंड़, दुर्गेश कश्यप, सतीश प्रजापति, प्रमोद यादव, शुभम गोंड आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

6 of 8
Gorakhpur news - फोटो : amar ujala
सेंट एंड्रयूज पीजी कॉलेज में चल रहे रोवर्स रेंजर्स के पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन पर बनाए गए कैंप शिविरों का अवलोकन करते एसपी रेलवे पुष्पांजलि, प्राचार्य जेके लाल व अन्य।
विज्ञापन

जिला पंचायत की बैठक में हंगामा, सीडीओ से भिड़े सदस्य

7 of 8
Gorakhpur news - फोटो : amar ujala
जिला पंचायत की बैठक में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। सपा नेता एवं सदस्य रजनीश यादव ने पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर से कहा कि तुम्हें कटघरे में खड़ा कर दूंगा ठीक हो जाओगे। चौबीस घंटे यहीं खड़ा रहोगे सारी हेकड़ी भूल जाओगे।

इस पर सीडीओ हर्षिता माथुर ने ऐतराज जताते हुए कहा कि किसी अधिकारी को कोई इस तरह से नहीं धमका सकता। यदि ऐसा हुआ तो कोई यहां नहीं आएगा। वह खुद नहीं आएंगी। इसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। रजनीश ने सीडीओ से कहा यदि आप को यह लगता है कि मैने गलत शब्द का प्रयोग किया तो अभी इस्तीफा देकर राजनीति से सन्यास ले लूंगा। इसके बाद सीडीओ भी शांत हो गई।

जिला पंचायत की बैठक शुरू होते ही अपर मुख्य अधिकारी ने कहा कि सदस्यों ने 40 लाख का बजट देने की मांग की थी। वह 30 लाख इस बजट में तथा 10 लाख इसी वित्तीय वर्ष में बाद में दे देंगे। इस पर सदस्य पंकज शाही, एसपी सिंह ने ऐतराज जताते हुए कहा कि पिछली बैठक में यही प्रस्ताव था। 15 दिन बाद बैठक का क्या मतलब है।

अन्य सदस्यों ने कहा कि जब 40 लाख मिल रहा है तो क्या ऐतराज है। एएमए ने सदस्यों को आश्वस्त किया कि जो सदस्यों की मांग है वह पूरी होगी। इसके बाद सड़कों का मुद्दा उठा तो कई सदस्य अपने क्षेत्र की सड़कों का मुद्दा उठाया।
विज्ञापन

गोविवि संस्कृत विभाग में इंटरव्यू देने पहुंचे 162 लोग

8 of 8
गोरखपुर विश्वविद्यालय में संस्कृत विभाग में ज्योतिष के लिए इंटरव्यू देते प्रतिभागी। - फोटो : amar ujala
‘मैं रिटायर्ड जेलर हूं, ज्योतिष पढ़ने की मेरी इच्छा है। सारे वेद पढ़ चुका हूं। संस्कृत भी अच्छी तरह से जानता हूं।’ भिलोरा, नौसड़ से आए कृष्ण मोहन मिश्र ने जब अपना परिचय दिया तो गोरखपुर विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग में ‘ज्योतिष और वास्तु प्रशिक्षण’ में दाखिले के लिए इंटरव्यू ले रही पैनल टीम के लोग अचरज भरी निगाहों से देखने लगे।

ज्योतिष के प्रति लोगों का बढ़ता क्रेज ही है कि 30 पदों के लिए मांगे गए आवेदन में 162 लोगों ने फार्म भरा। यह प्रशिक्षण उ.प्र. संस्कृत संस्थान लखनऊ के द्वारा कराया जा रहा है। आवेदन ज्यादा होने पर संस्कृत एवं प्राकृत भाषा विभाग के अध्यक्ष प्रो मुरली मनोहर पाठक को इंटरव्यू के जरिए प्रवेश लेने का निर्णय लेना पड़ा।

सोमवार को इंटरव्यू देने आए लोगों विद्यार्थियों के अलावा किसान, रिटायर्ड अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। खजनी के अटल सिंह, अतुल कुमार शुक्ल, सत्येंद्र त्रिपाठी सहित कई लोगों का कहना था कि वे इस प्रशिक्षण से जानकारी तो पाएंगे ही, रोजगार का जरिया भी बना सकते हैं। हालांकि इंटरव्यू के दौरान उन्हें बताया गया कि ज्योतिष की सिर्फ बेसिक जानकारी ही प्रशिक्षण में मिल पाएगा।  

इंटरव्यू लेने वाली टीम में विभागाध्यक्ष के अलावा ज्योतिषाचार्य पं. शरत चंद मिश्र, ज्योतिष केंद्र प्रशिक्षक विक्रम ज्योति पांडेय, राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान भोपाल के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंह देव, प्रशिक्षण केंद्र के संयोजक डॉ लक्ष्मी मिश्रा, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ कुलदीप शुक्ल शामिल थे।
-
ज्योतिष एवं वास्तु प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ आज
उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान द्वारा प्रायोजित ज्योतिष एवं वास्तु प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ मंगलवार को गोरखपुर विश्वविद्यालय के संस्कृत एवं प्राकृत भाषा विभाग में दोपहर 2.30 बजे से किया जाएगा। इसके बाद कक्षाएं रोजाना दोपहर दो बजे से चलने लगेंगी। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि भोपाल के डॉ धर्मेंद्र कुमार सिंह देव एवं विशिष्ट अतिथि अधिष्ठाता कला संकाय प्रो. डीएन यादव होंगे। अध्यक्षता प्रति कुलपति प्रोफेसर हरि शरण करेंगे।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें