गोरखपुर शहर के बाजारों में रौनक लौटने में अभी दो से तीन दिन और लग सकते हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना के एक्टिव केस में सिर्फ 76 की ही कमी आई है। शनिवार को जिले में एक्टिव केस की संख्या 798 थी, रविवार को यह 722 तक ही पहुंच सकी। इसी वजह से सोमवार से कोरोना कर्फ्यू जिले से नहीं हट पाया।
बता दें कि शासन की गाइडलाइन के मुताबिक जिस जिले में कोरोना के एक्टिव केस 600 से कम हैं, वहीं से कोरोना कर्फ्यू हटाया जा सकता है। इस तरह गोरखपुर में 122 केस अधिक हैं। वहीं, प्रदेश के 71 जिलों से कोरोना कर्फ्यू हटाया जा चुका है। अब गोरखपुर समेत चार जिलों में ही पाबंदी लागू है। डीएम के. विजयेंद्र पांडियन का कहना है कि जिले में तेजी से एक्टिव केसों की संख्या घट रही है। जल्द ही एक्टिव केस 600 के नीचे पहुंच जाएंगे तो जिला कोरोना कर्फ्यू से मुक्त हो जाएगा। उम्मीद है कि बुधवार तक लोगों को राहत मिल जाए।