देवरिया से लखनऊ के लिए चली अवध डिपो की जनरथ बस पर कार सवार बदमाशों ने धावा बोल दिया। लूटने के मकसद से चलती बस पर ईंटें बरसाईं गईं। शीशा तोड़ते हुए ईंट अंदर जाने से दो लोग घायल हो गए। बस पर अचानक ईंट-पत्थर चलने से चीख पुकार मच गई। यात्रियों ने चालक को बस नहीं रोकने दी और चालक भी बचते हुए बस लेकर भागा। आरोपित पीछा करते हुए गोरखपुर शहर तक आ गए लेकिन बस चालक ने साइड नहीं दिया तो वे रुक गए। बस में सवार देवरिया के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष निशांत दीक्षित ने घटना की सूचना रात में ही एसएसपी को दी, जिसके बाद कैंट पुलिस ने तोड़फोड़, सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने की धाराओं में केस दर्ज कर विवेचना चौरीचौरा को स्थानांतरित कर दी है।