कुशीनगर फोरलेन पर जगदीशपुर के किनारे बसे कोनी गांव में पुलिस प्रशिक्षण स्कूल और पीएसी की महिला बटालियन खोलने के लिए प्रशासन ने भारी फोर्स की मौजूदगी में सोमवार को सीलिंग की जमीन को कब्जे में ले लिया। स्थानीय लोगों ने पहले तो विरोध की कोशिश की, अधिकारियों से उनकी नोकझोंक भी हुई, लेकिन पुलिस बल के आगे उनकी एक न चली। वहीं विरोध कर रहे सपा के एक नेता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। करीब चार घंटे तक चली कार्रवाई में अधिग्रहित जमीनों पर पिलर लगाने के बाद पुलिस-प्रशासन वीरांगना झलकारी बाई पीएसी महिला बटालियन का बोर्ड भी लगा दिया।
सोमवार की सुबह करीब 10 बजे पिपराइच, झंगहा, चिलुआताल सहित आधा दर्जन थानों की फोर्स और करीब चार सौ की तादाद में पीएसी जवान और पीटीएस के रिक्रूट कोनी पहुंचे थे। गांव में एक कोने से लेकर दूसरे कोने तक फोर्स लगा दी गई। करीब 10.32 बजे तहसीलदार विकास सिंह कानूनगो और लेखपालों संग पहुंचे।