बालिका वधू अभिनेता और बिग बॉस विनर सिद्धार्थ शुक्ला ने 40 साल की कम उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। 2 सितंबर की तारीख अब किसी के लिए भी भूलना शायद नामुमकिन होगा। सिद्धार्थ शुक्ला लाखों लोगों की आंखे नम करके चले गए। उनके परिवार से लेकर उनके प्रशंसकों तक हर किसी की लिए सिद्धार्थ का जाना किसी सदमे से कम नहीं है। बिग बॉस के घर में बनी सिडनाज की जोड़ी टूट गई। सिद्धार्थ के जाने के बाद शहनाज गिल का तो रो-रोकर बहुत बुरा हाल है। उनके आंसू देखकर फैंस की भी आंखे नम हो गईं। इस बीच शहनाज के भाई शहबाज ने सिद्धार्थ शुक्ला को याद किया।
शहबाज ने साझा किया भावुक पोस्ट
बिग बॉस 13 में सिद्धार्थ शुक्ला की केमिस्ट्री सिर्फ शहनाज गिल के साथ ही नहीं देखने को मिली, बल्कि जब 1 हफ्ते के लिए शहबाज इस शो में ‘फैमिली स्पेशल वीक’ में आए तो उनके और सिद्धार्थ शुक्ला के बीच एक अलग ही बॉंडिंग देखने को मिली। शहबाज बिग बॉस 13 में सबसे ज्यादा किसी को पसंद करते थे तो वो थे सिद्धार्थ। शहनाज जब भी सिद्धार्थ से लड़ती थी तो शहबाज अपनी बहन को डांटते हुए दिखाई देते थे। बिग बॉस 13 के घर में तो लोग शहबाज को सिद्धार्थ का साले साहब तक बुलाते थे।