'द कपिल शर्मा' शो टीवी जगत का लोकप्रिय कॉमेडी शो है। यह शो दर्शकों को काफी हंसाता है और इसमें आने वाले सेलेब्स कई तरह के खुलासे करते हैं और अपनी जिंदगी के राज से पर्दा भी उठाते हैं। कई बार शो में कपिल शर्मा अपने मेहमानों से ऐसे सवाल भी पूछ लेते हैं, जिनका जवाब उनसे देते नहीं बनता है। हालांकि, कई बार शो में आने वाली हस्तियां कपिल शर्मा से भी मौज ले लेती हैं। इस शो का इस बार का जो प्रोमो रिलीज हुआ है, वो काफी मजेदार है। प्रोमो में देखा जा सकता है कि कैसे मलाइका अरोड़ा, कपिल शर्मा से पूछती हैं कि उनको बच्चे पैदा करने का वक्त कब मिलता है। इस पर कपिल उनको मजेदार जवाब देते हैं।
मलाइका अरोड़ा कॉमेडियन कपिल शर्मा से कहती हैं, हमारा शो तो सीजनल होता है। शो के बाद हमें छुट्टी भी मिलती है। आपका शो तो रोज होता है। पूरा साल आप शूट करते जा रहे हो, ये सब काम करने का समय आपको कब मिलता है?' मलाइका की बात सुनने के बाद गीता फौरन कहती हैं, 'आपका मतलब है दो छोटे-छोटे बच्चे?' ऐसे में मलाइका जवाब देती हैं- हां।