सोनी टीवी के फेमस क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' सीजन 13 में शामिल होने वाले कंटेस्टेंट लाखों-करोड़ों रुपए जीतकर अपने साथ घर लेकर जा रहे हैं। ये शो सिर्फ कंटेस्टेंट्स की किस्मत बदलने वाला नहीं है बल्कि टीवी पर हर दर्शक वर्ग में इसको लेकर जबरदस्त उत्सुकता बनी रहती है। 1 सितंबर को इस शो की हॉट सीट पर लखनऊ के अमन बाजपेयी बैठेंगे। 23 साल के अमन साइकोलॉजी में मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे हैं। अमर उजाला से खास बातचीत के दौरान अमन ने केबीसी से जुड़े कई खुलासे और किस्सों को शेयर किया है। चलिए जानते हैं केबीसी में कैसा रहा अमन का सफर।
चार राउंड करे क्लियर
कोरोना महामारी के चलते केबीसी 13 में हिस्सा लेने की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया गया है। अमन बताते हैं कि सबसे पहले तो उन्हें यकीन ही नहीं हुआ था कि उनका सलेक्शन हो गया है। उन्होंने बताया कि केबीसी की हॉट सीट पर बैठने के लिए चार पड़ावों को पार करना पड़ा।
1. केबीसी रजिस्ट्रेशन के सवाल- सोनी टीवी पर पूछे गये सवालों का सही जवाब उन्होंने सोनी लिव ऐप के माध्यम से दिया। इसके बाद अमन का नाम अगले पड़ाव के लिए चुना गया।
2. टेलीफोन पर सवाल- पहला राउंड क्लियर होने के बाद अमन से ये सवाल टेलीफोन पर सवाल पूछे गए। साथ ही उनके बारे में जानकारी भी ली गई।
3.ऑनलाइन ऑडिशन- दूसरे पड़ाव में चुने गये लोगों को कम्प्यूटर प्रोग्रामिंग के जरिए सोनी लिव ऐप पर लॉग इन करना होता है। यहां उन्हें ऑनलाइन सामान्य ज्ञान का टेस्ट देना होता है। इसके साथ ही वीडियो के माध्यम से अपना परिचय भी देना होता है।
4. तीसरे पड़ाव को क्लियर करने के बाद अमन को एक पर्सनल इंटरव्यू भी देना पड़ा। इसमें पास होंने के बाद ही वो फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट के लिए चुने गए।