पिछले 36 सालों से दर्शकों का मनोरंजन करने वाली अभिनेत्री शगुफ्ता अली कई बीमारियों का सामना करने के बाद भी बड़ी ही मजबूती के साथ खड़ी रही हैं। उन्होंने अपने दर्द के एहसास को परे रखकर बस अभिनय करने पर ध्यान केंद्रित किया। लेकिन पिछले कुछ सालों में काम न मिलने की वजह से शगुफ्ता अली की आर्थिक स्थिति इतनी अधिक बिगड़ गई कि उन्हें अपने घर की जमा पूंजी तक बेचने को मजबूर होना पड़ा। शगुफ्ता अली की इस स्थिति के बारे में जानने के बाद रोहित शेट्टी ने तो उनकी मदद की ही, लेकिन अब माधुरी दीक्षित और पूरी डांस दीवाने की टीम भी उनकी मदद के लिए आगे आई है।
डांस दीवाने की टीम मदद के लिए आई आगे
डांस दीवाने के मंच पर इस हफ्ते कई सितारे अतिथि के रूप में देखने को मिलेंगे। अनिल कपूर से लेकर फरहान अख्तर और रोहित शेट्टी सहित कई लोग इस शो का हिस्सा बनने वाले हैं और इनके साथ ही एंटरटेनमेंट का तड़का दोगुना हो जाएगा। लेकिन इस हफ्ते मनोरंजन के अलावा शो में भावुक पल भी देखने को मिलेगा। इस हफ्ते अभिनेत्री शगुफ्ता अली भी खास अतिथि के रूप में शो में पहुंचेंगी। उनके आने से पूरे डांस सेट का माहौल काफी इमोशनल हो जाएगा। शो का एक प्रोमो हाल ही में रिलीज हुआ है, जिसमें शगुफ्ता स्टेज पर आईं और उन्होंने अपनी आपबीती साझा की। अपनी बातों को कहते हुए शगुफ्ता अली काफी भावुक हो गईं, जिसके बाद भारती उनके पास गईं और उन्होंने उन्हें गले लगा लिया।