टेलीविजन के मशहूर और चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस के 15वें सीजन में दर्शकों को लगातार बवाल देखने को मिल रहा है। शो में दर्शकों को सदस्यों के बीच रोजाना घमासान देखने को मिलता है। शो अब अपने फिनाले के करीब पहुंचने वाला है। ऐसे में फिनाले में अपनी जगह बनाने के लिए सभी सदस्य एड़ी चोटी का जोर लगाते नजर आ रहे हैं। शो में हुई वाइल्ड कार्ड एंट्री के बाद से ही घर दो हिस्सों में बंटा नजर आ रहा है।
इसके तहत बतौर वाइल्ड कार्ड एंट्री आए देवोलीना, राखी, रश्मि, रितेश और अभिषेक वीआईपी सदस्य के तौर पर नजर आ रहे हैं। तो वहीं घर के अन्य सदस्य नॉन वीआईपी कंटेस्टेंट्स बनकर घर में अपने दिन काट रहे हैं। शो के फिनाले वीक में अपनी जगह बनाने के लिए सभी सदस्यों के बीच अब कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। इसी क्रम में आज प्रसारित हुए एपिसोड में बिग बॉस ने सभी घरवालों को टिकट टू फिनाले वीक टास्क करने को दिया।