टीवी के मशहूर और चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस का 15वां सीजन अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। शो में जल्द ही फिनाले एपिसोड प्रसारित होने वाला है। ऐसे में फिनाले में अपनी जगह बनाने के लिए अब सभी कंटेस्टेंट एड़ी चोटी का का जोर लगाते नजर आ रहे हैं। इस हफ्ते दर्शकों को शो में कई बवाल और हंगामे देखने को मिले। एक ओर जहां रश्मि और देवोलीना की दोस्ती में दरार आ गई। तो वही उमर और तेजस्वी की दोस्ती भी टूटती नजर आई। हफ्तेभर शो में हुई लड़ाई- झगड़ों और हंगामे के बाद हर हफ्ते की तरह इस बार भी शो के होस्ट सलमान खान घरवालों से मुखातिब हुए।
घरवालों से बातचीत करते हुए सलमान खान ने ना सिर्फ घर के सभी सदस्यों को फटकार लगाई बल्कि उनकी गलतियां भी गिनाई। आज प्रसारित हुए वीकेंड का वार एपिसोड के दौरान सलमान खान सबसे ज्यादा राखी सावंत के पति रितेश और अभिजीत बिचुकले पर नाराज नजर आए। सलमान ने दोनों को ही जमकर लताड़ते हुए खूब खरी-खोटी भी सुनाई।