ओटीटी पर रिलीज होने वाली वेब सीरीज ने अपने दमदार कंटेंट से दर्शकों का दिल जीता है। साथ ही ये उन सितारों के लिए एक बेहतरीन प्लेटफॉर्म साबित हुआ है जो बड़े पर्दे पर बड़े सितारों के सामने अपने हुनर का सही ढंग से प्रदर्शन नहीं कर पाते थे। ओटीटी पर रिलीज होने वाली ज्यादातर वेब सीरीज यूथ को ध्यान में रख कर बनाई जाती हैं। खासकर टीवीएफ यानी द वायरल फीवर की सभी सीरीज यूथ के लिए ही बनाई गई हैं। प्यार, पढ़ाई, तकरार, करियर, दोस्ती, परेशानी, परिवार जैसी सभी बातें जिसमें आज का युवा रमा हुआ है वो सभी इन वेब सीरीज में दिखाई जाती हैं। तो चलिए आज आपको टीवीएफ की कुछ ऐसी ही चुनिंदा वेब सीरीज के बारे में बताते हैं जिन्होंने दर्शकों का दिल जीता। वहीं अगर आपने अब तक नहीं देखा है तो फौरन देख लें।
मजेदार लगेंगी ये वेब सीरीज
ट्रिपलिंग- इसके दो पार्ट आ चुके हैं। सीरीज में सुमीत व्यास, मानवी गगरू और अमोल पाराशर नजर आए थे। ये सीरीज तीन भाई बहनों चंदन, चंचल और चितवन पर आधारित है जो एक रोड ट्रिप पर निकलते हैं। इस सीरीज में आपको कॉमेडी, इमोशन परिवार झगड़ा सबकुछ देखने को मिलेगा। समीर सक्सेना के निर्देशन में बनी इस सीरीज को दर्शकों ने खूब पसंद किया था।