मीना कुमारी और कमाल अमरोही की लव स्टोरी फिल्म का एलान आज सारेगामा ने एक्स पोस्ट से एक वीडियो साझा करके की है। इसके साथ लिखा है, 'एक सपना, जिसने मरने से इनकार कर दिया... वह मोहब्बत जिसका साथ कब्रिस्तान तक रहा'। बता दें कि कमाल अमरोही को निधन के बाद उसी कब्रिस्तान में दफनाया गया था, जहां मीना कुमारी की कब्र थी।
संजय दत्त ने भी इस फिल्म की एनाउंसमेंट वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से साझा की है। उन्होंने लिखा है, 'प्यारे सची और बिलाल, आपके नए वेंचर के लिए शुभकामनाएं। ये फिल्म सफल रहे। आपको संजय मामू की तरफ से खूब सारा प्यार। इस फिल्म का इंतजार है। बता दें कि बिलाल अमरोही, जो कि कमाल अमरोही के पोते हैं। उनकी शादी संजय दत्त की बहन नम्रता दत्त की बेटी सची से हुई है।
कमाल अमरोही-मीना कुमारी
- फोटो : इंस्टाग्राम
कहा जा रहा है कि 'कमाल और मीना' फिल्म में कमाल अमरोही और मीना कुमारी की 20 साल की यात्रा परदे पर दिखाई जाएगी। मीना कुमारी जब कमाल अमरोही से पहली बार मिली थीं, तब वह 18 साल की थीं और उस मुलाकात का किस्सा भी फिल्म का अहम हिस्सा होगा। पहली मुलाकात से लेकर 'पाकीजा' के बनने तक मीना कुमारी और कमाल अमरोही किन उतार-चढ़ावों से गुजरे यह इस फिल्म में देखने को मिलेगा। इस फिल्म का एलान होने पर फैंस के बीच भारी खुशी है।