फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amar Ujala Samwad: संवाद में शिरकत करेंगी फिल्म जगत की चर्चित हस्तियां, सिनेमा और अभिनय पर होंगी दिलचस्प बातें

Thu, 17 Apr 2025 07:25 AM IST
ज्योति राघव एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

Amar Ujala Samwad 2025 Event Lucknow: अमर उजाला का वैचारिक संगम संवाद कार्यक्रम आज और कल लखनऊ में गोमती नगर के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होने जा रहा है। इसमें फिल्म जगत की दिग्गज हस्तियां शिरकत करने वाली हैं। 
विज्ञापन
अमर उजाला संवाद - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार और शुक्रवार (17 व 18 अप्रैल) को होने वाले अमर उजाला के वैचारिक संवाद कार्यक्रम में देश की जानी मानी शख्सियतों, नीति नियंताओं, विचारकों और विशेषज्ञों के विचार जानने और उनसे रूबरू होने का मौका मिलेगा। 17 अप्रैल को संवाद का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस कार्यक्रम में खेल, राजनीति और धर्म के अलावा फिल्म जगत की भी कई चर्चित हस्तियां शिरकत करने वाली हैं, जो अदाकारी और सिनेमा पर अपनी बात रखेंगी। इस खबर में जानिए सवांद 2025 में शामिल होने वाली फिल्मी हस्तियों के बारे में...

विज्ञापन

अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे इमरान हाशमी - फोटो : अमर उजाला
इमरान हाशमी
इमरान हाशमी बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता हैं। उन्होंने रोमांटिक थ्रिलर हो या क्राइम ड्रामा, हर बार दर्शकों को कुछ नया दिया है। 24 मार्च 1979 को मुंबई में जन्मे सैयद इमरान अनवर हाशमी का ताल्लुक बॉलीवुड के मशहूर भट्ट परिवार से है। उनके पिता अनवर हाशमी एक अभिनेता थे, जबकि उनकी मां माहेरा हाशमी रोमन कैथोलिक थीं। इमरान के नाना की बहन शिरीन मोहम्मद अली थीं, जो निर्माता-निर्देशक महेश भट्ट और मुकेश भट्ट की मां थीं। इस तरह इमरान, पूजा भट्ट और आलिया भट्ट जैसे सितारों के रिश्तेदार भी हैं। इमरान ने अपने करियर की शुरुआत बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर की, जब उन्होंने 2002 में हॉरर फिल्म 'राज' में काम किया। 2003 में विक्रम भट्ट की फिल्म 'फुटपाथ' से उन्होंने बतौर अभिनेता डेब्यू किया। 2004 में आई 'मर्डर' ने इमरान को रातों रात स्टार बना दिया। इसके बाद वे 'जहर', 'आशिक बनाया आपने', 'कल्युग' और 'गैंगस्टर' जैसी फिल्मों ने उन्हें रोमांटिक थ्रिलर का बादशाह बना दिया। इमरान जल्द ही 'ग्राउंड जीरो' में नजर आएंगे, जो कश्मीर की पृष्ठभूमि पर आधारित है।

Amar Ujala Samwad: संवाद में शिरकत करेंगे इमरान हाशमी, सिनेमा और अभिनय से जुड़ी मजेदार बातों का करेंगे खुलासा

मनोज मुंतशिर - फोटो : अमर उजाला
मनोज मुंतशिर
मशहूर गीतकार, कवि और लेखक मनोज मुंतशिर हिंदी सिनेमा और साहित्य जगत में अपनी अनूठी छाप छोड़ चुके हैं। उनकी कलम से निकले गीत, संवाद और कविताएं न केवल लोगों के दिलों को छूती हैं, बल्कि समाज में गहरी प्रेरणा भी देती हैं। ‘तेरी मिट्टी’, ‘गलियां’ जैसे गीतों से लेकर दमदार संवाद और पटकथाओं तक, उनकी बहुमुखी प्रतिभा ने उन्हें मनोरंजन उद्योग में अलग पहचान दिलाई है। बचपन से ही मनोज को साहित्य और कविताओं का शौक था। मनोज मुंतशिर को मुंबई में कड़ा संघर्ष करने पड़ा। उन्हें पहला बड़ा मौका 1999 में भजन सम्राट अनूप जलोटा से मिला, जिनके लिए उन्होंने एक भजन लिखा और इसके लिए 3000 रुपये का चेक प्राप्त किया। फिर 2005 में उन्हें शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के लिए लेखन का अवसर मिला। उनके लिखे गाने ‘तेरी मिट्टी’, ‘गलियां’, ‘तेरे संग यारा’, ‘कौन तुझे’ और ‘फिर भी तुमको चाहूंगा’ ने दर्शकों के दिलों को छुआ। उन्होंने बाहुबली: द बिगिनिंग और बाहुबली: द कन्क्लूजन (हिंदी डबिंग) के संवाद भी लिखे हैं। 2019 में उनकी पहली किताब 'मेरी फितरत है मस्ताना' प्रकाशित हुई, जो उनकी कविताओं का संग्रह है। मनोज मुंतशिर ने अपने शानदार काम से कई प्रतिष्ठित अवॉर्ड अपने नाम किए हैं। 

Amar Ujala Samwad: अमर उजाला के 'संवाद' में शिरकत करेंगे मनोज मुंतशिर, कलम से फिल्म इंडस्ट्री में बनाई पहचान

नुसरत भरुचा - फोटो : अमर उजाला
नुसरत भरूचा
नुसरत भरूचा बॉलीवुड की चर्चित अदाकारा हैं। 'प्यार का पंचनामा', 'सोनू के टीटू की स्वीटी', 'ड्रीम गर्ल' और 'छोरी' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय की खूब तारीफ हुई है। इन दिनों नुसरत 'छोरी 2' में नजर आ रही हैं। नुसरत भरुचा का जन्म 17 मई 1985 को मुंबई के एक दाऊदी बोहरा मुस्लिम परिवार में हुआ था। नुसरत का करियर 2002 में टीवी सीरियल 'किट्टी पार्टी' से शुरू हुआ। इसके बाद उन्होंने थिएटर में कई साल बिताए और विज्ञापनों में काम किया। 2006 में उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म 'जय संतोषी मां' रिलीज हुई। इसके बाद वह 2009 में 'कल किसने देखा' और तेलुगु फिल्म 'ताज महल' (2010) में में नजर आईं। नुसरत को असल पहचान 2010 में दिबाकर बनर्जी की 'लव सेक्स और धोखा' से मिली, जिसमें उनकी बोल्ड परफॉर्मेंस ने ध्यान खींचा, लेकिन 2011 में लव रंजन की 'प्यार का पंचनामा' ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया।

Amar Ujala Samwad: अमर उजाला संवाद का हिस्सा बनेंगी नुसरत भरुचा, सिनेमा और अभिनय से जुड़े करेंगी मजेदार खुलासे

विशाल फुरिया - फोटो : अमर उजाला
विशाल फुरिया 
निर्देशक विशाल फुरिया को मुख्य रूप से हॉरर फिल्मों के लिए जाना जाता है। उन्होंने हॉरर फिल्मों को हिंदी सिनेमा में एक नया स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाई है और वे लगातार इसकी कोशिश में जुटे हैं। मुख्य रूप से विशाल फुरिया ने मलयालम इंडस्ट्री में बतौर एक्टर और डायरेक्टर काम किया है। इन दिनों विशाल फुरिया फिल्म 'छोरी 2' को लेकर चर्चा बटोर रहे हैं। विशाल फुरिया ने हिंदी सिनेमा में फिल्म 'छोरी' के जरिए लोकप्रियता बटोरी। यह साल 2017 में आई मराठी फिल्म 'लपाछपी' की हिंदी रीमेक थी। 'लपाछपी' का निर्देशन भी विशाल फुरिया ने किया था। साल 2021 में विशाल ने 'छोरी' बनाई। अब साल 2025 में इसका सीक्वल 'छोरी 2' रिलीज हो चुका है। विशाल ब्रॉडकास्ट इंडस्ट्री से निर्देशन की दुनिया में आए हैं। उन्होंने निर्देशन से पहले वीएफएक्स आर्टिस्ट के रूप में काम किया। 'लपाछपी', 'छोरी' और 'छोरी 2' जैसी फिल्मों के अलावा विशाल ने कुछ शो भी बनाए हैं। इनमें उनका एक शो 'डर सबको लगता है' काफी चर्चित है। इसके अलावा उन्होंने 'क्रिमिनल जस्टिस' सीजन 1 और 'बाली' का सह-निर्देशन भी किया था। विशाल की आगामी फिल्म की बात करें तो वे हॉरर फिल्म 'मां' लेकर आ रहे हैं, जिसमें काजोल अहम रोल में नजर आएंगी। 

Amar Ujala Samwad: संवाद में हिस्सा लेंगे विशाल फुरिया, सिनेमा और निर्देशन से जुड़ी बारीकियों पर करेंगे चर्चा

जूही बब्बर - फोटो : अमर उजाला
जूही बब्बर सोनी
जूही बब्बर सोनी अपने जमाने के दिग्गज अभिनेता और अब राजनीति में सक्रिय राज बब्बर की बिटिया हैं। जूही बब्बर अदाकारा होने के साथ-साथ निर्देशक भी हैं। वे थिएटर की दुनिया में भी सक्रिय हैं। जूही बब्बर ने साल 2003 में फिल्म ‘काश आप हमारे होते’ से डेब्यू किया। इसके बाद जूही यारा नाल बहरैल नाम की पंजाबी फिल्म में नजर आईं। वे 'रिफलेक्शंस', 'उन्स: लव.. फॉरएवर' और 'इट्स माय लाइफ' में भी नजर आ चुकी हैं। फिल्मों के अलावा जूही टीवी शो में भी काम कर चुकी हैं। 2018 में जूही फिल्म 'अय्यारी' में नजर आईं। इसमें उन्होंने मनोज बाजपेयी की पत्नी की भूमिका अदा की। जूही बब्बर थिएटर से भी जुड़ी हुई हैं। 'विद लव, आप की सैयारा' जूही का चर्चित शो है। बीते वर्ष जून में इस नाटक का 100वां शो प्रदर्शित हुआ। इस नाटक का लेखन, निर्देशन और प्रस्तुतीकरण जूही बब्बर ने खुद किया है। जूही बब्बर के निजी जीवन की बात करें तो उनकी शादी अनूप सोनी से वर्ष 2011 में हुई। 

Amar Ujala Samwad: संवाद में हिस्सा लेंगी जूही बब्बर सोनी, अभिनय और सिनेमा से जुड़े दिलचस्प किस्से करेंगी साझा

अमित सियाल - फोटो : अमर उजाला
अमित सियाल
अमित सियाल आज हिंदी फिल्मों और ओटीटी की दुनिया में एक जाना-माना नाम हैं। उनकी एक्टिंग में जो गहराई और सच्चाई दिखती है, वह दर्शकों को बांध लेती है। अमित को अभिनय का असली मौका 2010 में दिबाकर बनर्जी की फिल्म ‘लव सेक्स और धोखा’ से मिला, जिसमें उन्होंने एक पत्रकार का किरदार निभाया। लेकिन असली पहचान उन्हें ओटीटी प्लेटफॉर्म्स से मिली। वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ में उनके किरदार ने दर्शकों का ध्यान खींचा। इसके बाद ‘जमातारा’, ‘होस्टेजेस’, ‘इनसाइड एज’, ‘काठमांडू कनेक्शन’ और ‘महारानी’ जैसी सीरीज में उनकी दमदार एक्टिंग ने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया। फिल्मों की बात करें, तो अमित ने ‘तितली’ और 'रेड' जैसी फिल्मों में भी अपनी छाप छोड़ी। छोटे किरदारों में भी अपने प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों का ध्यान खींचने में उन्हें महारत हासिल है। वह जल्द ही 'केसरी चैप्टर 2' में अपनी अदाकारी का जादू बिखेरते नजर आने वाले हैं।

Amar Ujala Samwad: अमर उजाला संवाद में सिनेमा पर होगी अमित सियाल से खास बातचीत, दिलचस्प है सफलता की कहानी
 

विनीत कुमार सिंह - फोटो : अमर उजाला
विनीत कुमार सिंह
विनीत कुमार सिंह भी संवाद में हिस्सा लेने वाले हैं। विनीत कुमार सिंह आज सिनेमा के चमकते सितारों में से एक हैं। एक डॉक्टर से अभिनेता और लेखक तक का उनका सफर किसी प्रेरणादायक फिल्म की स्क्रिप्ट से कम नहीं रहा। 'मुक्काबाज' के श्रवण सिंह से लेकर 'छावा' के कवि कलश तक, विनीत ने साबित किया कि वह हर किरदार में फिट बैठते हैं। इन दिनों वे सनी देओल की 'जाट' में नजर आ रहे हैं। विनीत को खेलों का भी शौक था। वह राष्ट्रीय स्तर पर बास्केटबॉल खेल चुके थे। अभिनय की बात करें तो 2002 में विनीत की पहली फिल्म पिताह रिलीज हुई, जिसमें वह संजय दत्त के साथ नजर आए। यह मौका उन्हें एक टैलेंट हंट शो सुपरस्टार जीतने के बाद मिला था, जहां निर्देशक महेश मांजरेकर ने उनकी प्रतिभा को पहचाना। 2003 में उन्होंने 'हथियार' और 'चैन खुली की मैन खुली' जैसी फिल्मों में काम किया। उन्होंने मराठी, तमिल, और भोजपुरी फिल्मों में भी काम किया है। 

Amar Ujala Samwad: अमर उजाला संवाद में शामिल होंगे विनीत कुमार सिंह, अभिनय और लेखन की बारीकियों पर होगी बात

तेजस प्रभा विजय देओस्कर - फोटो : अमर उजाला
तेजस प्रभा विजय देओस्कर
तेजस प्रभा विजय देओस्कर भारतीय फिल्म लेखक और निर्देशक हैं। तेजस को फिल्म शादी सूफले (2009), अजिंक्य (2012) और रोपता के लिए खासतौर से जाना जाता है। उनकी चर्चित फिल्म 'छतरीवाली' (2023) है। इसमें रकुल प्रीत सिंह लीड रोल में हैं। इन दिनों तेजस अपनी अगली फिल्म 'जीरो ग्राउंड' की तैयारियों में व्यस्त हैं, जो 25 अप्रैल में रिलीज होगी। तेजस ने 'प्रेमसूत्र' और 'बकेट लिस्ट' जैसी फिल्में लिखी हैं और इनके निर्देशन की जिम्मेदारी भी संभाली। ये काफी सफल फिल्में रही हैं। 'बकेट लिस्ट' मराठी भाषा की फिल्म है। बतौर क्रिएटिव प्रोड्यूसर तेजस की पहली फिल्म, 'बाबा' अगस्त 2019 में रिलीज हुई। यह न सिर्फ प्रतिष्ठित गोल्डन ग्लोब्स में शामिल हुई, बल्कि दुनियाभर में इसे सराहा गया। 

Amar Ujala Samwad: संवाद में शिरकत करेंगे तेजस प्रभा विजय देओस्कर, अभिनय और सिनेमा की बारीकियों पर रखेंगे बात
विज्ञापन

स्नेहिल दीक्षित मेहरा - फोटो : अमर उजाला
स्नेहिल दीक्षित मेहरा
स्नेहिल दीक्षित मेहरा मनोरंजन जगत में अपनी कॉमेडी और क्रिएटिविटी के लिए मशहूर हैं। फैंस के बीच उन्हें बीसी आंटी (Bheri Cute Aunty) के नाम से जाना जाता है। अभिनय, लेखन, और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में अपनी खास पहचान बनाने वाली स्नेहिल का जन्म मध्य प्रदेश के भोपाल में एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ। वे एक अभिनेत्री, लेखिका, क्रिएटिव डायरेक्टर और सोशल मीडिया स्टार के रूप में जानी जाती हैं। स्नेहिल ने 2018 में ALT बालाजी की वेब सीरीज 'अपहरण' से अभिनय की शुरुआत की। फिर उन्होंने दिल संभल जा जरा, मेरे पापा हीरो हीरालाल और बेबाकी (जैसे प्रोजेक्ट्स में काम किया। 2023 में स्नेहिल 'बिग बॉस ओटीटी' में वाइल्ड कार्ड एंट्री के रूप में नजर आईं। स्नेहिल ने संजय लीला भंसाली प्रोडक्शन्स के साथ एक लेखिका और एसोसिएट डायरेक्टर के रूप में काम किया। 'हीरामंडी' सीरीज में उन्होंने लेखन टीम में भागीदारी निभाई। 2020 का लॉकडाउन स्नेहिल के लिए एक टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर बीसी आंटी के किरदार में उन्होंने कॉमेडी के छोटे-छोटे वीडियो बनाए, जो रातों रात वायरल हो गए। उनकी 'क्लास ऑफ हीरोज' और 'क्लास ऑफ 2020' सीरीज ने रोजमर्रा की जिंदगी की साधारण बातों को इतने मजेदार अंदाज में पेश किया कि दर्शक उनके दीवाने हो गए।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें