हिंदी सिनेमा पिछली सदी के नौवें दशक के आखिर में खान सितारों के आगोश में आना शुरू हुआ तो अब भी जाकर इसके मोहपाश से बाहर नहीं निकल पाया है। ईद पर सलमान खान की फिल्म का इंतजार रहता है। क्रिसमस आमिर खान की फिल्मों के नाम रहती है और शाहरुख खान? वह तो कभी भी आते जाते रहते हैं। अभी पिछली फिल्म जीरो के सदमे से बाहर आना शाहरुख का बाकी है और कोविड 19 का संक्रमण भी कम होना बाकी है। पक्का तो कुछ तय नहीं लेकिन कहा यही जा रहा है कि इधर कोरोना की वैक्सीन बाजार में उतरी नहीं कि उधर शाहरुख खान की नई फिल्म का ऐलान हो जाएगा। शाहरुख खान कभी बॉक्स ऑफिस के बादशाह कहलाते थे, फिर उन्हें चस्का लग गया खान साब कहलाने का। और, इतिहास गवाह है कि जिस निर्देशक ने भी उनको खान साब कहना शुरू किया, वही उनके आभामंडल की रोशनी में अपना रास्ता भूल गया।
आज के बाइस्कोप की फिल्म शाहरुख खान की फिल्म है, लेकिन ऐसे निर्देशक की जो आज भी शाहरुख को शाहरुख ही कहता है। फिल्म का नाम यस बॉस और निर्देशक का नाम अजीज मिर्जा। दिलीप कुमार, वैजयंतीमाला, अजीत और जीवन की फिल्म नया दौर की कथा-पटकथा और बी आऱ चोपड़ा की बलराज साहनी, राजकुमार, सुनील दत्त, शशि कपूर, साधना और शर्मिला टैगोर स्टारर फिल्म वक्त की कहानी लिखने वाले अख्तर मिर्जा के बेटे अजीज मिर्जा ने आखिरी फिल्म कोई 12 साल पहले शाहिद कपूर और विद्या बालन को लेकर बनाई थी, किस्मत कनेक्शन। एक समाचार एजेंसी ने तब खबर जारी की थी कि अजीज मिर्जा ने शाहरुख खान को अपनी अगली फिल्म के लिए ‘डंप’ कर दिया।
बाइस्कोप: वॉन्टेड नहीं इस फिल्म में पहली बार बनी सलमान की विनोद खन्ना संग जोड़ी, पहना वकील का चोला