डिजिटल रिव्यू: असुर (वेब सीरीज)
कलाकार: अरशद वारसी, बरुन सोबती, अनुप्रिया गोयनका, ऋद्धि डोगरा, शारिब हाशमी, अमेय वाघ, पवन चोपड़ा, गौरव अरोड़ा, दीपक काजिर, विशेष बंसल, देव्यांश तापुरिया आदि।
कथा, पटकथा और संवाद: गौरव शुक्ला, विनय छावल, निरेन भट्ट
निर्देशक: ओनी सेन
ओटीटी: वूट
रेटिंग: ****
अंत: अस्ति आरंभ अर्थात अंत ही आरंभ की शुरुआत है। वॉयकॉम 18 स्टूडियोज की कंपनी टिपिंग प्वाइंट की नेटफ्लिक्स पर प्रसारित हुईं तीनों सीरीज की गुणवत्ता, कथ्य और सृजन जहां खत्म होते है, वॉयकॉम के अपने ओटीटी वूट पर वहां से असुर की शुरुआत होती है। पौराणिक कथाओं से आज के जीवन को जोड़कर कहानियां बुनने की परंपरा हॉलीवुड की तमाम बेहतरीन फिल्मों में देखी जा चुकी है। दक्षिण भारतीय सिनेमा ने भी इस श्रेणी के सिनेमा को करीने से बुना है। अब बारी हिंदी की है। वूट की इस आठ एपिसोड की सीरीज की कल्पना गौरव शुक्ला की है लिहाजा सबसे ज्यादा बधाई उन्हीं को बनती है, साथ में लेखन टीम के विनय व निरेन भी साधुवाद के पात्र हैं।