वेब सीरीज रिव्यू: द फैमिली मैन 2
लेखक: राज निदिमोरू, कृष्णा डीके और सुमन कुमार
कलाकार: मनोज बाजपेयी, शारिब हाशमी, समांथा अक्किनेनी, प्रियमणि, सीमा बिस्वास, दलीप ताहिल, शरद केलकर, देवदर्शिनी, एम गोपी आदि
निर्देशक: राज निदिमोरू, कृष्णा डीके और सुपर्ण वर्मा
ओटीटी: प्राइम वीडियो
रेटिंग: ***
प्राइम वीडियो की नई सीरीज ‘द फैमिली मैन 2’ के बारे में अगर एक लाइन में पूछा जाए कि ये देखने लायक है या नहीं? तो मेरा जवाब होगा, जरूर देखें। सीरीज में दोस्ती के, गलतफहमी के, माता-पिता को गलत समझने के, नौकरी के आगे घर की शांति कुर्बान कर देने के अलावा कुछ लम्हे राष्ट्रप्रेम के ऐसे भी हैं जो सिखाते हैं कि एक राष्ट्रभक्त किसी व्यक्ति का स्वामिभक्त नहीं होता। जिनके जिम्मे राष्ट्रीय सुरक्षा की जिम्मेदारी है वह सियासत में भी नहीं पड़ते। उन्हें कुर्सी पर बैठे शख्स की रक्षा करनी होती है, कुर्सी पर कौन बैठा है, उससे उन्हें रत्ती भर भी फर्क नहीं पड़ता। वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन 2’ की कहानी कई धाराओं पर एक साथ आगे बढ़ती है और बीच में एपीसोड पांच में बोझिल भी लगने लगती है लेकिन बस एक कमजोर एपीसोड के अलावा बाकी सीरीज बिंच वॉच की जा सकती है।