Movie Review: राया एंड द लास्ट ड्रैगन
निर्देशक: डॉन हाल, कार्लोस लोपेज एस्त्रादा
आवाजें: केली मैरी ट्रान, ऑक्वाफिना, जेमा चैन, डैनियल डे किम, सैंड्रा ओ, बेनेडिक्ट वॉन्ग
लेखक: क्वी ग्यूयेन, एडेल लिम
निर्माता: वॉल्ट डिजनी पिक्चर्स, वॉल्ट डिजनी एनीमेशन स्टूडियोज
रेटिंग: ****
साल भर होने को आया, जब लोग सिनेमाघरों में बुक्का फाड़कर हंसे होंगे, रोए होंगे या फिर पड़ोस में बैठे साथी के कंधे पर सिर रखकर सो गए होंगे। हाथों में पॉपकॉर्न और दिल में सिनेमा का जुनून धीरे धीरे फिर जाग रहा है। साथ ही जाग रहा है सिनेमा की कहानियों का एक नया संसार, जहां नायक और खलनायक अब शायद कोई नहीं होगा। सब इंसान होंगे। सब कुछ बड़ा करना चाहेंगे। सब साथ मिलकर इसे पाना चाहेंगे। सबकी अपनी अपनी कमजोरियां होंगी और सबकी अपनी अपनी ताकतें होंगी। और, सब चाहेंगे कि दूर दूर रहने की बजाय जितना संभव हो सके, सब साथ रहें। साथ साथ आगे बढ़ें और साथ साथ विकास करें। पढ़ने में भले आपको ये भारतीय सनातन दर्शन लगे लेकिन डिजनी की नई फिल्म ‘राया एंड द लास्ट ड्रैगन’ की कहानी यही है।