Movie Review: मैडम चीफ मिनिस्टर
कलाकार: ऋचा चड्ढा, सौरभ शुक्ला, अक्षय ओबेरॉय, मानव कौल व शुभ्रज्योति आदि।
लेखक, निर्देशक: सुभाष कपूर
निर्माता: भूषण कुमार, नरेन कुमार, डिंपल खरबंदा व विनोद भानुशाली आदि।
रेटिंग: ***
बतौर फिल्मकार जिन लोगों की फिल्मों को लेकर उत्सुकता बनी रहती है, मौजूदा दौर के उन गिनती के निर्देशकों में सुभाष कपूर का नाम शुमार होता है। पत्रकार रहे हैं। नजर पैनी रही है और उनकी कहानियों में राजनीतिक व्यंग्य, मानवीय संवेदनाएं और सामाजिक सरोकार सब एक दूसरे के समानांतर चलते हैं। बीता समय उनका कुछ कठिन रहा है। फिल्म ‘मैडम चीफ मिनिस्टर’ सुभाष का सिनेमा में नया प्रस्थान है। इस बार सुभाष ने दाएं बाएं गेंद न घुमाकर सीधे गोल की तरफ निशाना लगाया है। कहानी उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के शीर्ष पर पहुंचने के किस्सों की पतंग बनाकर उड़ने की कोशिश करती हैं, बस मांझा सुभाष कपूर का आधी उड़ान में सद्दी पर आ जाता है। फिर भी, फिल्म मनोरंजक है और आखिर तक दर्शकों को बांधे रखने की पूरी कोशिश करती है।