Movie Review: कॉलर बम
लेखक: निखिल नायर
कलाकार: जिमी शेरगिल, आशा नेगी, स्पर्श श्रीवास्तव, राजश्री देशपांडे आदि।
निर्देशक: ध्यानेश जोटिंग
ओटीटी: डिज्नी प्लस हॉटस्टार
रेटिंग: **1/2
डिज्नी प्लस हॉटस्टार ने नई हिंदी फिल्मों को सीधे दर्शकों तक अपने ओटीटी प्लेटफॉर्म के जरिए पहुंचाने की जो शुरूआत फिल्म ‘दिल बेचारा’ से की थी, उसमें दर्शक की बेचारगी अभी तक कुछ खास कम हो नहीं सकी है। इस ओटीटी पर सीरीज कमाल की देखने को मिलती हैं। ‘लोकी’ की लुका छिपी चल ही रही है। उसके पहले ‘मेर ऑफ ईस्टटाउन’ ने दिल जीता। ‘ग्रहण’ की भी तारीफ खूब हुई। बस ये हिंदी फिल्म वाला गुणाभाग ठीक नहीं बैठ रहा। कहानी अच्छी होती है तो कलाकार ढीले और कलाकार उम्दा होते हैं तो पटकथा में सिनेमा में मार खा जा रहा है। अगले महीने ‘भुज द प्राइड ऑफ इंडिया’ पर सबकी निगाहें टिकी हैं, इस बीच ओटीटी ने जिमी शेरगिल की ये फिल्म ‘कॉलर बम’ धीमे से आगे खिसका दी है।