फिल्म- हम किसी से कम नहीं
- फोटो : अमर उजाला आर्काइव, मुंबई
चलते चलते...
फिल्म 'हम किसी से कम नहीं' के हिट होने का जश्न अगले पूरे साल तक नासिर हुसैन मनाते रहे। लेकिन, फिल्म की हीरोइन काजल और साइड हीरो तारिक को इस कामयाबी का कोई खास फायदा नहीं हुआ। फिल्म 'हम किसी से कम नहीं' से पहले तारिक की फिल्में 'यादों की बारात' और 'जख्मी' भी हिट रही थीं, लेकिन इस फिल्म के बाद उनका जादू उतरने लगा था। काजल किरण को तो बरसों तक यही दुख रहा कि ऋषि कपूर की नजर ए इनायत उन पर नहीं हुई नहीं तो वह भी सुपरस्टार बन जातीं। वैसे नासिर हुसैन ने कोशिश की थी तारिक और काजल किरण को अपनी उस फिल्म में लेने की जिसे वह दिलीप कुमार, धर्मेंद्र और ऋषि कपूर के साथ बनाने जा रहे थे। फिल्म का नाम था ‘जबर्दस्त’ और इसमें जीनत अमान, टीना मुनीम, आशा पारेख, कादर खान और अमजद खान की भी अहम भूमिकाएं थीं। फिल्म ‘हम किसी से कम नहीं’ में भी लोगों को सौदागर सिंह के किरदार में अमजद खान का काम खूब पसंद आया था। लेकिन, ये फिल्म शूटिंग शुरू होने के बाद इसलिए बंद हो गई क्योंकि दिलीप कुमार और नासिर हुसैन की ट्यूनिंग नहीं बन सकी। बाद में ‘जबर्दस्त’ नाम से एक फिल्म नासिर हुसैन ने संजीव कुमार, सनी देओल, राजीव कपूर. अमरीश पुरी, रति अग्निहोत्री और जया प्रदा को लेकर 1985 में रिलीज की।
(‘बाइस्कोप’ कॉलम में प्रकाशित यह आलेख बौद्धिक संपदा अधिकारों के तहत संरक्षित हैं।)