सैफ अली खान और करीना कपूर के सैफीना से पहले ब्रैड पिट और एंजेलीना जोली का नाम ब्रैंजलीना चलन में आया था, लेकिन इन दोनों के अलग होने के बाद सैफ और करीना ने भी सैफीना नाम से दूरी ही बना लेना ठीक समझा। लेकिन, इनसे पहले भी और हिंदी सिनेमा में ही ये कोशिश बीती सदी के सबसे बड़े सितारे अमिताभ बच्चन और जया भादुड़ी भी कर चुके हैं। इन दोनों ने अपने नामों के हिज्जे मिलाकर एक नाम बनाया था, ‘अमिया’। अमिताभ का अमि और जया का या। अमिया वैसे तो उत्तर प्रदेश में कच्चे आमों को कहते हैं लेकिन जिस दौर में ये नाम दोनों ने मिल बैठकर सोचा होगा, बहुत संदेह होता है कि किसी आम के बाग में अमिया खाते ही सोचा होगा। इसी नाम के प्रोडक्शन हाउस की फिल्म थी फिल्म ‘अभिमान’। साल 1973 अमिताभ बच्चन और जया भादुड़ी के जीवन का रीति काल रहा है। दोनों की मोहब्बत भी जोरों पर थी और दोनों के सितारे भी जोरों पर थे। दोनों का विवाह इसी वर्ष 3 जून को हुआ। शादी से ठीक पहले दोनों की फिल्म ‘जंजीर’ सुपरहिट हुई। जया तो खैर तब तक खुद ही सुपरस्टार बन चुकी थीं। अमिताभ के लिए ‘जंजीर’ का हिट होना किसी ईश्वरीय आशीर्वाद से कम नहीं था। शादी के ठीक रिलीज हुई दोनों की पहली फिल्म ‘अभिमान’ में अमिताभ की आभा और उनका रूप दर्शनीय था तो जया का लावण्य और मोहक चेहरा फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण बना।