दुनिया भर की बेहतरीन फिल्मों के ट्रेलर्स और तमाम घोषणाओं के साथ शनिवार (16 अक्तूबर) रात डीसी फैनडोम 2021 (DC FanDome 2021) का आगाज हो गया। डीसी यूनिवर्स के ड्वेन जॉनसन, जैसन मोमोआ, जॉन सीना समेत अन्य दिग्गज कलाकारों की मदद से यह कार्यक्रम वर्चुअली आयोजित किया जा रहा है। यहां अब तक द फ्लैश, ब्लैक एडम और एक्वामैन 2 आदि फिल्मों के ट्रेलर दिखाए जा चुके हैं, जिसकी लाइव कवरेज डीसी फैनडोम की वेबसाइट के अलावा यूट्यूब पर भी की जा रही है। इस रिपोर्ट में हम आपको डीसी फैनडोम से जुड़ी हर जानकारी से रूबरू करा रहे हैं। साथ ही, बता रहे हैं कि कार्यक्रम में किन-किन फिल्मों की जानकारी दी गई।
इन फिल्मों से रूबरू हुए दर्शक
कार्यक्रम के दौरान निर्देशक मैट रीव्स की फिल्म द बैटमैन का ट्रेलर दिखाया गया, जिसमें रॉबर्ट पैटिनसन अहम किरदार निभा रहे हैं। इसके अलावा सुसाइड स्क्वायड के लेखक और निर्देशक जेम्स गन की जॉन सीना अभिनीत सीरीज पीसमेकर का फर्स्ट लुक दिखाया गया। साथ ही, ड्वेन जॉनसन के निर्देशन में बनने वाली फिल्म ब्लैक एडम से भी दर्शक रूबरू हुए। इनके अलावा द फ्लैश, ब्लू बीटल और एक्वामैन 2 आदि फिल्मों के ट्रेलर भी दिखाए गए।