मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स में अपने चहीते किरदार स्टार लार्ड को आने वाली फिल्म ‘थॉर लव एंड थंडर’ में देखने की उम्मीद लगाए बैठे अभिनेता क्रिस पैट के चाहने वालों के लिए खुशखबरी है। क्रिस की एक साइंस फिक्शन फिल्म चार जुलाई को सीधे ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है।
‘द टुमारो वॉर’ जल्द होगी रिलीज
फिल्म का नाम है ‘द टुमारो वॉर’ और इसका ट्रेलर देखकर आपके भी रोंगटे खड़े हो सकते हैं। फिल्म ‘द टुमारो वॉर’ यानी कल का महायुद्ध विज्ञान और भविष्य की आशंकाओं की एक मेगा बजट कल्पना है। फिल्म के हीरो हैं क्रिस पैट जिन्हें मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स में अंतरिक्ष की एक दुनिया के स्टार लॉर्ड के रूप में शोहरत हासिल है।
महत्वपूर्ण भूमिका में होंगे यूवॉन स्ट्रॉवस्की और जे के सिमन्स
स्टार लॉर्ड की जल्द ही एमसीयू में वापसी होने वाली है और वह अपना ये किरदार फिल्म ‘थॉर लव एंड थंडर’ में दोहराते दिखेंगे। लेकिन, फिलहाल बात फिल्म ‘द टुमारो वॉर’ की। इस फिल्म में क्रिस पैट के अलावा यूवॉन स्ट्रॉवस्की और जे के सिमन्स भी खास भूमिकाओं में दिखेंगे।