टीजर वीडियो के साथ किया फिल्म का एलान
प्रशांत वर्मा ने दो दिन पहले ही इस फिल्म के एलान की जानकारी साझा कर दी थी और आज की तारीख तय की थी। उन्होंने आज 10 बजकर 10 मिनट पर फिल्म के नाम से पर्दा उठा दिया है। निर्देशक ने रोंगटे खड़े कर देने वाला टीजर वीडियो जारी किया है। इसके साथ लिखा है, 'यूनिवर्स में एक और पावरफुल फोर्स शामिल हो रही है। 'महाकाली' का नव उदय पेश करने जा रहे हैं। महाकाली- देवी काली का एक अवतार, जो बुराई का सबसे भयंकर संहारक हैं। इस नवरात्रि, हम पुराने ढर्रे को तोड़ रहे हैं और एक सुपरहीरो की परिभाषा को फिर से परिभाषित कर रहे हैं'।
महिला के कंधों पर निर्देशन की जिम्मेदारी
यह महिला प्रधान फिल्म है और इस फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी भी महिला को सौंपी गई है। साउथ की चर्चित निर्माता-निर्देशक पूजा कोल्लुरु 'महाकाली' फिल्म का निर्देशन करेंगी। प्रशांत वर्मा इस फिल्म को आरकेडी स्टूडियोज के साथ मिलकर बना रहे हैं। इस फिल्म का एलान करते ही कमेंट बॉक्स में यूजर्स प्रशांत को बधाई दे रहे हैं। कुछ लोग उन्हें 'सनातनी निर्देशक' का टैग दे रहे हैं। वहीं, कुछ यूजर्स लिख रहे हैं मां काली को परदे पर देखने के लिए उत्साहित हैं।
MAHAKALI: 'हनुमान' के बाद परदे पर 'महाकाली' की कहानी दिखाएंगे प्रशांत, नवरात्रि में किया नई फिल्म का एलान
सबसे पहले अमर उजाला के सामने किया था खुलासा
दरअसल, प्रशांत वर्मा अपने सिनेमैटिक यूनिवर्स के तीसरे चरण का विस्तार करने जा रहे हैं। अमर उजाला के साथ बातचीत में प्रशांत वर्मा ने इस फिल्म का नाम पहले ही उजागर कर दिया था। उन्होंने कहा था कि फिल्म‘जय हनुमान’ से पहले उनकी सिनेमैटिक यूनिवर्स (पीवीसीयू) की दो फिल्में और रिलीज होगी। उन्होंने बताया था, 'एक तो ‘अधीरा’ होगी ही, दूसरी फिल्म जिसके बारे में मैं सबसे पहले ‘अमर उजाला’ को बता रहा हूं, वह फिल्म होगी ‘महाकाली’। ये शक्ति का समाज से सामंजस्य बिठाती फिल्म है और इसका निर्देशन मैं एक महिला निर्देशक से करा रहा हूं'।