हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में दैनिक वेतन पाने वाले लोगों की मदद करने के लिए फिल्म निर्माण की अग्रणी कंपनी यश राज फिल्म्स ने एक नई शुरूआत की है। यूनिवर्सल बेसिक सपोर्ट की तर्ज पर कंपनी ने यश चोपड़ा फाउंडेशन के तहत 'साथी कार्ड' लॉन्च किया है। इस कार्ड के लिए आवेदन करने वाले इंडस्ट्री में दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए फाउंडेशन स्वास्थ्य बीमा, स्कूल फीस सहायता, राशन आपूर्ति और वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने जा रहा है। यश राज फिल्म्स से मिली जानकारी के मुताबिक कोई भी व्यक्ति जो मुंबई में हिंदी फिल्म फेडरेशन का रजिस्टर्ड मेंबर है और जिसकी उम्र 35 साल या उससे ज्यादा है और सीधे तौर पर परिवार का कम-से-कम एक सदस्य उस पर आश्रित है, वह 'साथी कार्ड' के लिए आवेदन कर सकता है। कार्डधारक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के लिए इस कार्ड का इस्तेमाल कर सकेंगे।