मशहूर फिल्म निर्माता-निर्देशक महेश भट्ट और मुकेश भट्ट के प्रोफेशनल तौर पर अलग होने की बात पर अब फिल्ममेकर-निर्माता विक्रम भट्ट ने चुप्पी तोड़ी है। महेश भट्ट और मुकेश भट्ट के भतीजे विक्रम भट्ट ने कहा कि, 'मुझे मेरे बॉस ( महेश भट्ट) की तरफ से इस बारे में कुछ भी कहने से मना किया गया है'। इसके साथ ही विक्रम भट्ट ने कहा कि उन्हें महेश भट्ट की बात माननी होगी। बता दें कि महेश भट्ट और मुकेश भट्ट इस साल जनवरी के महीने में प्रोफेशनल तौर पर अलग हो गए थे। उनके अलग होने की खबर पर हाल ही में इमरान हाशमी ने भी खुलासा किया था। उन्होंने कहा था कि भले ही भट्ट कैंप टूट गया हो लेकिन वो सभी एक परिवार हैं और हमेशा साथ रहेंगे। साथ ही इमरान ने कहा था कि वो नहीं जानते कि किस वजह से महेश और मुकेश भट्ट अलग हुए हैं, लेकिन वो अभी भी उनसे बात चीत करते हैं। वहीं इस मामले पर अब विक्रम भट्ट ने भी अपनी बात कही है।