हिंदी सिनेमा में 100 करोड़ी फिल्मों के मुकाबले में ‘फिल्म सूर्यवंशी’ की कमाई के चलते सलमान खान की बराबरी कर चुके अभिनेता अक्षय कुमार को एक बात हमेशा सालती रही है और वह है हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली चोटी की 10 फिल्मों में उनकी किसी फिल्म का शुमार न होना। ट्रेड विशेषज्ञ शुरू से अक्षय कुमार को बॉक्स ऑफिस के लिए भरोसेमंद स्टार मानते रहे हैं और यही वजह है कि उनकी साल में चार पांच फिल्में रिलीज हो ही जाती हैं। जबकि सलमान खान की चार फिल्में हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हैं। आइए देखते हैं कि सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी की ये 10 फिल्में कौन सी हैं...
फिल्म- किक
हिंदी सिनेमा में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली 10 फिल्मों की लिस्ट में सबसे आखिरी पायदान पर है सलमान खान की फिल्म ‘किक’। 25 जुलाई 2014 को रिलीज हुई साजिद नाडियाडवाला निर्देशित फिल्म ‘किक’ ने रिलीज के सिर्फ पांच दिनों में सौ करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा छू लिया था। फिल्म ने पहले हफ्ते में कुल 164.09 करोड़ रुपये कमाए थे और इसकी सिनेमाघरों से कुल कमाई रही 231.85 करोड़ रुपये। फिल्म ‘किक’ में सलमान खान के साथ जैकलीन फर्नांडीज, मिथुन चक्रवर्ती, नवाजुद्दीन सिद्दीकी और रणदीप हुडा की मुख्य़ भूमिकाएं रहीं।