वैसे तो बात एक फिल्म के संवाद के तौर पर ही कही गई लेकिन सुपरस्टार श्रीदेवी के हिंदी सिनेमा के किसी कलाकार की पत्नी बनने की बात ऋतिक रोशन ने पहली बार फिल्म भगवान दादा में जिस अंदाज में कही, वह आज तक सबको याद है। ऋतिक तब सिर्फ 12 साल के थे। नाना की फिल्म थी। पापा हीरो थे और साथ में थे साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत। रजनीकांत की तब तक दो फिल्में, अंधा कानून और गिरफ्तार हिंदी में सुपरहिट हो चुकी थीं। बाइस्कोप में आज हम बात करने जा रहे हैं, इन्हीं मेगास्टार रजनीकांत की एक हिंदी फिल्म भगवान दादा की जो रिलीज हुई थी 25 अप्रैल 1986 को।