बॉलीवुड अभिनेत्री तमन्ना भाटिया आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। साउथ फिल्म में शोहरत कमाने के बाद तमन्ना ने बॉलीवुड में भी अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया। तमन्ना ना सिर्फ तमिल सिनेमा में बल्कि तेलुगु , कन्नड़ और हिंदी भाषा की फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं। अभिनेत्री ने बहुत कम उम्र में ही अपने करियर की शुरुआत कर दी थी। इस दौरान उनके जीवन में कई उतार चढ़ाव भी आए, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने साउथ की बड़ी अभिनेत्रियों में अपना नाम शामिल किया। भले ही तमन्ना की ज्यादातर फिल्में फ्लॉप रही हैं, लेकिन वह साउथ की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली एक्ट्रेस हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक्ट्रेस एक फिल्म के लिए डेढ़ से 2 करोड़ रुपए तक चार्ज करती हैं। वहीं, बात की जाए उनकी नेट वर्थ यानी कुल संपत्ति की तो रिपोर्ट्स के मुताबिक यह 15 मिलियन यानी करीब 110 करोड़ रुपये है।
तमन्ना का जन्म 21 दिसंबर, 1989 को मुंबई में हुआ था। उनके पिता का नाम संतोष भाटिया है जो एक हीरा व्यापारी हैं, मां का नाम रजनी भाटिया है और हाउस वाइफ हैं। तमन्ना की शुरुआती पढ़ाई मानक जी कूपर एजुकेशनल ट्रस्ट स्कूल जुहू में हुई। 13 साल की उम्र में तमन्ना अपने स्कूल के एनुअल फंक्शन में परफॉर्म कर रही थीं। तभी उन्हें फिल्म का ऑफर मिल गया था, जिसके बाद वह मुंबई आ गई थीं।