नए दौर की उन चोटी की अभिनेत्रियों में दीपिका पादुकोण, कंगना रणौत आदि के अलावा अब तापसी पन्नू की भी एंट्री हो गई है जिनका अपना प्रोडक्शन हाउस है। कुछ दिन पहले ही अभिनेत्री एशा देओल ने अपनी कंपनी शुरू की है और अब तापसी ने भी अपना प्रोडक्शन हाउस ‘ऑउटसाइडर्स फिल्म्स’ लॉन्च कर दिया है। तापसी पन्नू की हाल ही में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म ‘हसीन दिलरुबा’ को लोगों ने खास पसंद नहीं किया, लेकिन उनकी आने वाली फिल्मों ‘लूप लपेटा’, ‘रश्मि रॉकेट’, ‘दो बारा’, दक्षिण की एक फिल्म और ‘शाबाश मिठू’ पर पूरी इंडस्ट्री की निगाहें टिकी हैं।
‘ऑउटसाइडर्स फिल्म्स’ के लिए तापसी ने प्रांजल खंढडिया के साथ हाथ मिलाया है जो पिछले दो दशक से कंटेंट और फिल्म निर्माण से जुड़े रहे हैं। प्रांजल इससे पहले ‘सुपर 30’, ‘सूरमा’, ‘पीकू’, ‘मुबारकां’, ‘अज़हर’ आदि फिल्मों के प्रोडक्शन से जुड़े रहे हैं। तापसी की फिल्म ‘रश्मि रॉकेट’ का निर्माण भी उन्होंने किया है।