कारगिल युद्ध के शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा के जीवन पर बनी फिल्म शेरशाह की काफी तारीफ हो रही है। इस फिल्म में विक्रम बत्रा के किरदार को निभाने वाले अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा के अभिनय को दर्शकों ने सराहा है। उन्होंने जिस शिद्दत से फिल्म में परमवीर चक्र से सम्मानित शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा का किरदार निभाया है, उसे लेकर उनकी प्रशंसा हो रही है। हालांकि, इस बीच फिल्म में विक्रम बत्रा के करीबी दोस्त का किरदार निभाने वाले अभिनेता साहिल वैद निराश हैं। उन्होंने अपनी यह निराशा हालिया इंटरव्यू में जाहीर की है।
शेरशाह में विक्रम बत्रा के सबसे अच्छे दोस्त सनी के रूप में दिखाई देने वाले अभिनेता साहिल वैद का कहना है कि उन्होंने यह फिल्म अनिच्छा से की थी। उनका कहना है कि फिल्म में उनके काम को लेकर चर्चा नहीं हो रही, जिसकी वजह से वो निराश हैं। साहिल वैद का कहना है कि वो फिल्म में एक सैनिक का किरदार निभाना चाहते थे, लेकिन उनको विक्रम बत्रा के करीबी दोस्त का किरदार दिया गया।