बॉलीवुड अभिनेत्री नीना गुप्ता इन दिनों अपनी किताब 'सच कहूं तो: मेरी आत्मकथा' को लेकर काफी चर्चा में हैं। इस किताब में उन्होंने अपनी पर्सनल से लेकर प्रोफेशनल जिंदगी से जुड़े कई राज साझा किए हैं। इस किताब में उन्होंने अपने दोस्त और अभिनेता सतीश कौशिक के बारे में एक दिलचस्प खुलासा किया है। ऑटोबायोग्राफी में नीना ने बताया कि जब वो प्रेग्नेंट थीं तब सतीश कौशिक ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया था। अभिनेत्री ने बताया था कि सतीश ने तब कहा था कि अगर उनका बच्चा डार्क स्किन का पैदा होता है तो शादी के बाद वह यह कह सकेंगी कि यह सतीश कौशिक का बच्चा है। हालांकि नीना ने सतीश के ऑफर को ठुकरा दिया था।
नीना गुप्ता के इस खुलासे पर सतीश कौशिक ने दिया जवाब
अब एक इंटरव्यू के दौरान सतीश ने इस मुद्दे पर रिएक्ट करते हुए अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा है कि मैं नीना के अकेलेपन को लेकर चिंतित था। यह ऑफर मेरी दोस्त के लिए जरूरत के वक्त हंसी-मजाक, चिंता, सम्मान और सपोर्ट का एक मिलाजुला रूप था। वो मेरी आज भी अच्छी दोस्त हैं और एक बेहतरीन अदाकारा भी हैं।