लचर मार्केटिंग और खराब पीआर के चलते सलमान खान की इस शुक्रवार को रिलीज हुई फिल्म ‘अंतिम: द फाइनल ट्रुथ’ सलमान खान के करियर की बीते 10 साल की सबसे कम ओपनिंग पाने वाली पहली फिल्म बन गई है। अपने बहनोई आयुष शर्मा का करियर बनाने के लिए सलमान खान ने अपनी ही प्रोडक्शन कंपनी से ये फिल्म खुद बनाई है। फिल्म में आयुष शर्मा के अभिनय और उनके एक्शन सीन्स की तारीफ भी काफी हो रही है। लेकिन, फिल्म को लेकर इसकी प्रचार प्रसार टीम की रणनीति ठीक न होने के चलते इसकी ओपनिंग उम्मीद से काफी कम रही है। फिल्म ने रिलीज के पहले दिन करीब 5.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। ये कलेक्शन गुरुवार को रिलीज हुई जॉन अब्राहम के ट्रिपल रोल वाली फिल्म ‘सत्यमेव जयते 2’ से तो ज्याद है, लेकिन सलमान खान की किसी फिल्म का बीते 10 साल की ये सबसे खराब ओपनिंग भी है।