हिंदी और तेलुगू सिनेमा के बीच फिल्म चल रहे मुकाबले में ‘द कश्मीर फाइल्स’ के फिल्म ‘राधे श्याम’ पर भारी पड़ने से हिंदी सिनेमा का पलड़ा भारतीय सिनेमा की कुल कमाई में एक बार फिर से वजनी हो गया है। अब बारी एक और तेलुगू फिल्म ‘आरआरआर’ (RRR) की है। इस फिल्म के सामने कोई दूसरी हिंदी फिल्म रिलीज ही नहीं हो रही है। ये फिल्म हिंदी के अलावा तमिल, मलयालम और कन्नड़ में भी रिलीज होने वाली है। फिल्म की ताबड़तोड़ एडवांस बुकिंग की जानकारी हम आपको दे ही चुके हैं। ताजा आंकड़े जो ‘अमर उजाला’ ने हैदराबाद से हासिल किए हैं, उसके मुताबिक फिल्म ‘आरआरआर’ (RRR) ने एडवांस बुकिंग में अल्लू अर्जुन की बीते साल रिलीज हुई फिल्म ‘पुष्पा द राइज’ का रिकॉर्ड तो तोड़ा ही है, इस साल सबसे ज्यादा एडवांस बुकिंग का रिकॉर्ड बनाने वाली पवन कल्याण की फिल्म ‘भीमला नायक’ का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।