सुशांत सिंह राजपूत का पिछले साल 14 जून को निधन हो गया था। अब उनको गुजरे एक साल होने जा रहा है। ऐसे में सुशांत के करीबी और फिल्म डायरेक्टर रूमी जाफरी ने उन्हें याद किया है और अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। दरअसल, एक खास बातचीत के दौरान रूमी ने एक बड़ी बात कही है। रूमी का कहना है कि काश खुदा कोई ऐसा करिश्मा कर दे कि मैं सुशांत को डांट लगा कर पूछ सकूं कि भाई तुमने आखिर ऐसा क्यों किया, क्यों हम सब को छोड़ कर ऐसे ही चले गए।
दोस्त को याद कर भावुक हुए रूमी जाफरी
रूमी कहते हैं कि जैसा कि सुशांत मेरे दोस्त जैसा था। वो मुझसे जूनियर भले ही था लेकिन मैंने उससे कई चीजें सीखी हैं। इतना अच्छा इंसान, हमेशा हंसते रहना, काम की बात करना, मेरे घरवालों को अपना परिवार जैसा सम्मान देना और साथ ही एक ऐसा कलाकार जो प्रतिभा से भरा हो बहुत कम लोग ऐसे होते हैं। मुझे सुशांत के परिवार के बारे में सोच कर बहुत दुख होता है कि जिन्होंने उन्हें पाल पोसकर बड़ा किया, वो कैसा महसूस करते होंगे। हम कुछ ही दिन से सुशांत को जानते थे लेकिन इतने कम समय में ही दिल का रिश्ता जुड़ गया था।