फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RRR Box Office Collection Day 3: ‘कश्मीर फाइल्स’ ने फिर ली अंगड़ाई, ‘आरआरआर’ के कलेक्शन में तीसरे दिन 35 फीसदी की गिरावट

Mon, 28 Mar 2022 07:24 AM IST
हर्षिता सक्सेना अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

सार

तेलुगू सिनेमा के दिग्गज कलाकारों जूनियर एनटीआर और रामचरण की मौजूदगी के बावजूद फिल्म निर्देशक एस एस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ के तेलुगू संस्करण का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन शुक्रवार के बाद से लगातार गिरते जाने से फिल्म इंडस्ट्री हैरान है।
विज्ञापन
1 of 7
द कश्मीर फाइल्स और आरआरआर - फोटो : सोशल मीडिया
तेलुगू सिनेमा के दिग्गज कलाकारों जूनियर एनटीआर और रामचरण की मौजूदगी के बावजूद फिल्म निर्देशक एस एस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ के तेलुगू संस्करण का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन शुक्रवार के बाद से लगातार गिरते जाने से फिल्म इंडस्ट्री हैरान है। माना जा रहा है कि फिल्म की जरूरत से ज्यादा लंबाई, फिल्म की कहानी में भावनाओं की कमी और इसके संगीत व संवादों का फिल्म ‘बाहुबली 2’ के तरह हिट न हो पाना, इसके कलेक्शन पर सीधा असर डाल रहा है। फिल्म के हिंदी संस्करण ने फिर भी राजमौली पर भरोसा बनाए रखा है और जहां इसके तेलुगू संस्करण के कलेक्शन में लगातार तीसरे दिन गिरावट देखी गई, फिल्म के हिंदी संस्करण ने अपनी कलेक्शन में इजाफा जारी रखा। इस बीच फिल्म ‘कश्मीर फाइल्स’ शुक्रवार की गिरावट के बाद बॉक्स ऑफिस पर फिर से उठ खड़ी हुई है और इसका कलेक्शन लगातार तीसरे दिन बढ़ता दिखा।
विज्ञापन

2 of 7
राम चरण - आरआरआर - फोटो : सोशल मीडिया
कमजोर पड़ी सिंह गर्जना
जैसा कि ‘अमर उजाला’ ने बीते दिन ही बता दिया था कि फिल्म ‘आरआरआर’ की सिंह  गर्जना रिलीज के दूसरे दिन ही कमजोर पड़ने लगी। ये सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। आमतौर पर नई फिल्मों का कलेक्शन पहले वीकएंड पर रविवार के दिन सबसे ज्यादा रहता है लेकिन फिल्म की माउथ पब्लिसिटी में दम नहीं दिख रहा है। फिल्म की एडवांस बुकिंग और शुक्रवार की स्पॉट बुकिंग में जो उत्साह दिखा, वह कम पड़ने लगा है। फिल्म ‘आरआरआर’  ने शुक्रवार को पूरे देश में कुल 130 करोड़ रुपये कमाए थे। इसमें इसके तेलुगू संस्करण का हिस्सा 100.13 करोड़ रुपये, हिंदी का 20.07 करोड़ रुपये, तमिल का 6.5 करोड़ रुपये, मलयालम का 3.1 करोड़ रुपये और कन्नड़ संस्करण का हिस्सा सिर्फ 20 लाख रुपये रहा।
विज्ञापन

3 of 7
आरआरआर - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
दूसरे दिन 33 फीसदी से ज्यादा गिरावट
माना जा रहा था कि फिल्म ‘आरआरआर’ की कमाई रिलीज के दूसरे दिन बढ़ेगी। लेकिन निर्देशक एस एस राजामौली की प्रभास स्टारर पिछली फिल्म ‘बाहुबली 2’ की तरह ही फिल्म ‘आरआरआर’ की कमाई भी दूसरे दिन काफी गिर गई। फिल्म के कुल कलेक्शन में दूसरे दिन की गिरावट 33 फीसदी से भी ज्यादा रही। फिल्म के दूसरे दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के अंतिम आंकड़ों के मुताबिक रिलीज के दूसरे दिन यानी शनिवार को इस फिल्म ने सिर्फ 86.70 करोड़ रुपये का कुल कलेक्शन किया। इसमें तेलुगू संस्करण की कमाई तो पहले दिन के कलेक्शन के मुकाबले आधे के करीब गिरकर 52.65 करोड़ ही रह गई। हिंदी संस्करण ने फिल्म की मदद की और इसने हिंदी पट्टी में पहले दिन से करीब 15 फीसदी ज्यादा कलेक्शन करते हुए 23.75 करोड़ रुपये जुटाए।

4 of 7
फिल्म ‘आरआरआर - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
रविवार को और गिरा कलेक्शन
फिल्म ‘आरआरआर’ के कलेक्शन में छुट्टी के दिन यानी इतवार को भारी इजाफा होने की उम्मीद लगाई जा रही थी, लेकिन रविवार को फिल्म का कलेक्शन शुक्रवार के मुकाबले करीब 35 फीसदी गिरकर 85.00 करोड़ रुपये रह जाने की जानकारी शुरुआती रुझानों में मिल ही है। वैसे तो राजामौली की पिछली फिल्म ‘बाहुबली 2’ के कलेक्शन का भी यही पैटर्न रहा था और उस फिल्म ने भी शुक्रवार को 121 करोड़ रुपये कमाने के बाद शनिवार को 90 करोड़ रुपये ही कमाए थे, लेकिन ‘बाहुबली 2’ का कलेक्शन रविवार को बढ़कर 93 करोड़ रुपये हो गया था।
विज्ञापन

5 of 7
आरआरआर बॉक्स ऑफिस कलेक्सन - फोटो : सोशल मीडिया
हिंदी संस्करण की कमाई में लगातार इजाफा
राजामौली की नई फिल्म ‘आरआरआर’ का कलेक्शन शुक्रवार के बाद से रविवार तक लगातार गिरते जाने से फिल्म उद्योग के दिग्गज भी चिंतित है। फिल्म को हिंदी में रिलीज करने वाली कंपनी पेन मरुधर एंटरटेनमेंट के लिए राहत की बात ये रही कि फिल्म के हिंदी संस्करण का कलेक्शन शुक्रवार के बाद से लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार के शुरुआती रुझानो के हिसाब से फिल्म ‘आरआरआर’ के कुल 85 करोड़ रुपये के कलेक्शन में हिंदी संस्करण की कमाई करीब 31 करोड़ रुपये रही है। फिल्म के तेलुगू संस्करण ने रविवार को तकरीबन 28 करोड़ रुपये ही कमाए। फिल्म का कुल कलेक्शन अब 300 करोड़ रुपये के पार हो गया है।
विज्ञापन

6 of 7
द कश्मीर फाइल्स - फोटो : सोशल मीडिया
फिर उठ खड़ी हुई ‘द कश्मीर फाइल्स’
इस बीच शुक्रवार को सिर्फ 4.5 करोड़ रुपये के कलेक्शन पर सिमट गई फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ ने शनिवार को 7.25 करोड़ रुपये का कारोबार करने के बाद इतवार को शुरुआती रुझानों के हिसाब से 8.50 करोड़ रुपये कमा लिए। इस फिल्म की कुल कमाई अब 226 करोड़ रुपये से भी ज्यादा हो गई है। फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ की रिलीज के बाद रविवार को उसका बॉक्स ऑफिस पर 17वां दिन रहा। फिल्म का कलेक्शन फिर से बढ़ने से अब ये आसार बनने लगे हैं कि ये बॉक्स ऑफिस पर अभी एक दो हफ्ते और चलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
आरआरआर फिल्म - फोटो : अमर उजाला मुंबई
कहानी फिल्म ‘आरआरआर’ की
फिल्म ‘आरआरआर’ देश को आजादी मिलने के करब 27 साल पहले की यानी साल 1920 की कहानी है। फिल्म की कहानी के मुताबिक अंग्रेज गवर्नर स्कॉट और उनकी पत्नी आदिलाबाद के जंगलों से हाथों पर चित्रकारी करने वाली एक बच्ची को उठा ले जाते हैं। इस बच्ची को अंग्रेजों के चंगुल से छुड़ाने इन आदिवासियों का नेता भीम दिल्ली पहुंचता है। वह यहां भेष बदलकर रहता है और अंग्रेजों के लिए काम कर रहे अल्लूरी से दोस्ती करता है। अल्लूरी अंग्रेजों का साथ सिर्फ इसलिए दे रहा क्योंकि उसे आजादी की लड़ाई लड़ रहे लोगों को मदद पहुंचानी है। दोनों मिलते हैं। दोनों की दोस्ती होती है और फिर कैसे दोनों एक दूसरे की जान के दुश्मन बन जाते हैं, इसी पर फिल्म का पूरा विस्तार केंद्रित है। क्लाइमेक्स में कैसे आदिवासियों की बच्ची को बचाने के लिए दोनों एक होते हैं? अल्लूरी का भेद खुलने के बाद उसका क्या होता है? और अल्लूरी सीताराम राजू की मंगेतर सीता किस तरह कहानी को नया मोड़ देती है? ये सब फिल्म ‘आरआरआर’ की जरूरत से ज्यादा लंबी पटकथा में इंटरवल के बाद का हिस्सा हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें