हिंदी सिनेमा में भले बड़े बड़े निर्माता ‘कॉन्टेंट ब्वॉय’ के तमगे के लिए आयुष्मान खुराना और राजकुमार राव के बीच असली मुकाबला मानते हों, लेकिन इस साल हुए बॉक्स ऑफिस मुकाबले के आंकड़ों की तुलना करें तो इस मामले में अभिनेता आर माधवन दोनों अभिनेताओं पर भारी पड़े हैं। माधवन की बीते हफ्ते रिलीज हुई फिल्म ‘रॉकेट्री द नंबी इफेक्ट’ ने पहले हफ्ते में आयुष्मान खुराना की बहुचर्चित फिल्म ‘अनेक’ और राजकुमार राव की बहुप्रचारित फिल्म ‘बधाई दो’ से कहीं बेहतर कारोबार किया है। फिल्म ‘रॉकेट्री द नंबी इफेक्ट’ ने बॉक्स ऑफिस पर एक करिश्मा और किया है। इस फिल्म का कलेक्शन सोमवार के बाद से थोड़ा थोड़ा रोज बढ़ रहा है, इस साल रिलीज हुई हिंदी फिल्मों में फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ के बाद फिल्म ‘रॉकेट्री द नंबी इफेक्ट’ ऐसी दूसरी फिल्म है जिसका कलेक्शन कार्यदिवसों पर भी लगातार बढ़ता रहा।